वैदिक मंत्राचार्य के साथ यजमानों और आमजनों ने छोड़ी आहुतियां
छिंदवाड़ा
20-Mar-26
दो सौ से अधिक पुजारी कर रहे यज्ञ में सहयोग
छिंदवाड़ा
सहस्त्र चंडी महायज्ञ देवी दुर्गा (चंडी) को समर्पित एक अत्यंत दुर्लभ धार्मिक अनुष्ठान है, जिसमें दुर्गा सप्तशती के हजारों पाठ किए जा रहे हैं। श्री रामेश्वरम धाम में दुरदराज से पधारे महंतों और 200 से अधिक पुजारियों के द्वारा 1008 कुंडीय वेदी पर वैदिक मंत्रोच्चार के साथ चंडी होम (हवन) के माध्यम से कराया जा रहा है। जिसमें प्रतिदिन देवी दुर्गा को समर्पित हजारों आहुतियां दी जा रही है। इसमें शामिल होने वाले हजारों यजमानों सहित हजारों श्रद्वालूओं को शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक कष्टों (आधि-भौतिक, आधि-दैविक, आध्यात्मिक) से मुक्ति मिल सकती है।
महंतों और पुजारियों के द्वारा कराया जा रहा सहस्त्र चंडी महायज्ञ
श्री रामेश्वरम धाम सेवा समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि गुजरात कोहना से पधारे महंत सीताराम बापू जी, ओमकारेश्वर से पधारे महंत मंगलदास त्यागी जी, आनंद धाम राजना से पधारे संत विवेक जी महाराज और आचार्य पं. अरूण शर्मा शास्त्री जी एवं 200 से अधिक पुजारियों के द्वारा 1008 कुण्डीय सहस्त्र चंडी महायज्ञ कराया जा रहा है। जिसमें 26 मार्च तक प्रतिदिन सुबह 8 बजे से श्री शिव अभिषेक, दोपहर 1ः30 बजे से देवी सहस्त्रार्चन एवं दोपहर 3 बजे से 1008 कुंडों में आहुतियां डाली जा रही है। इस दिव्य और भव्य महायज्ञ की गरिमा को बनाए रखने के लिए सिर्फ यजमानों और सेवादारों को ही आई. कार्ड. वितरित किए गए है। बाकी सभी दर्शनार्थियों को सहस्त्र चण्डीय महायज्ञ स्थल पर बिना आई. कार्ड के ही प्रवेश दिया जा रहा है। यज्ञस्थल के पास ही आमजनों और श्रद्धालुओं के लिए आहुतियां अर्पित करने हेतु अलग से यज्ञकुण्ड बनाया गया है, जहां पर सभी आमजन और श्रद्धालु आहुतियां अर्पित कर रहे है।
सागर सांसद सहित अन्य अतिथियों ने की पूजा अर्चना
श्री रामेश्वरम धाम सेवा समिति और साहू परिवार के द्वारा चौत्र नवरात्र के पावन अवसर पर श्री रामेश्वर धाम सिहोरामाल में 1008 कुण्डीय सहस्त्र चंडी महायज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर शुक्रवार को श्री रामेश्वरम धाम में बने यज्ञ स्थल पर पूजा अर्चना करने के लिए सागर सांसद श्रीमती लता वानखेड़े, श्रीमती विजया शेषराव यादव, खंडवा के पूर्व विधायक देवेन्द्र वर्मा, चौरई पूर्व विधायक पंडित रमेश दुबे, जुन्नारदेव पूर्व विधायक नत्थन शाह कवरेती, जुन्नारदेव नगर पालिका अध्यक्ष रमेश सालोडे, भाजपा के वरिष्ठ नेता विरेन्द्र राय, कालीगोड़ी खंडवा से पूज्य मुनिश्री पंकज जी महाराज, बैतूल के सीसीएफ श्रीमधु वी राज सहित अन्य वरिष्ठ जनप्रतिनिधिगण और हजारों की संख्या में श्रध्दालु व आमजन पहुंच हुए थे।