कमलनाथ के मुख्यमंत्रीत्व कार्यकाल में ही एयरपोर्ट की स्वीकृति व सर्वे हो चुका था: नकुलनाथ
छिंदवाड़ा
20-Mar-26
तीन दिवसीय दौरे पर छिन्दवाड़ा पहुंचे पूर्व सांसद नकुलनाथ
छिन्दवाड़ा
कमलनाथ जी के मुख्यमंत्रीत्व कार्यकाल में ही छिन्दवाड़ा में एयरपोर्ट निर्माण की योजना, उसकी स्वीकृति व सर्वे का कार्य भी पूरा हो चुका था। यह बात छिन्दवाड़ा व पांढुर्ना जिले का प्रत्येक नागरिक भलीभांति जानता है साथ ही प्रदेश की जनता को भी पता है। एयरपोर्ट निर्माण हेतु मोहखेड़ ब्लॉक के ग्राम तिकाड़ी तिवड़ा कामथ की भूमि चिन्हित की गई थी, यह बात भी सभी जानते हैं। यह बात पूर्व सांसद नकुलनाथ ने छिंदवाड़ा हवाई पट्टी पर पत्रकारों के सवाल पर जवाब देते हुए कही।

गौरतलब है कि पूर्व सांसद नकुलनाथ तीन दिवसीय दौरे पर शुक्रवार की दोपहर छिन्दवाड़ा आए। कांग्रेस के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं सहित आमजन ने उनका भव्य स्वागत किया। श्री नाथ ने आगे कहा कि उसी फाइल को दोबारा खोलकर घोषणा कर रहे हैं और उसे उपलब्धि बता रहे हैं। कांग्रेस की सरकार होती तो अब तक एयरपोर्ट के अलावा अन्य कई विकास की परियोजनाएं धरातल पर नजर आती, किन्तु सत्ता की लोभी भाजपा ने सरकार गिरा दी जिसके चलते सिर्फ एयरपोर्ट नहीं बल्कि अनेकों परियोजनाएं अटकी हुई है जिसमें एग्रीकल्चर कॉलेज, हॉर्टिकल्चर कॉलेज, विश्वविद्यालय पूर्ण आकार नहीं ले पाए। जनता यह सबकुछ देख और समझ रही है कि किस तरह पहले विकास कार्यों को रोका गया फिर पुरानी फाइलों को खोलकर घोषणा की जा रही है सिर्फ इसीलिये की उसका श्रेय लिया जा सके। किन्तु सच्चाई तो जनता के सामने है वह अपनी आंखों से सबकुछ देख रही है।