मानदेय नहीं मिलने से नाराज गौसेवक मैत्री हडताल पर
कृषि जगत
10-Jul-26
बोले- हर महीने भुगतान नहीं तो पशु विभाग का काम भी नहीं

पशु उपसंचालक कार्यालय में सौंपा ज्ञापन,
11 जुलाई से अनिश्चितकालीन आंदोलन की चेतावनी
नियमित मानदेय, बीमा और पारिश्रमिक बढ़ाने की मांग
छिंदवाड़ा
नियमित मानदेय सहित विभिन्न मांगों को लेकर मध्यप्रदेश गौसेवक मैत्री संघ ने आंदोलन का ऐलान कर दिया है। संघ के पदाधिकारियों ने शुक्रवार को पशु उपसंचालक कार्यालय पहुंचकर पशु चिकित्सा विस्तार अधिकारी डॉ. बेलवंशी को ज्ञापन सौंपा और स्पष्ट किया कि जब तक हर महीने मानदेय की व्यवस्था नहीं होगी, तब तक गौसेवक मैत्री पशु विभाग के कार्यों का बहिष्कार करेंगे।
जिलाध्यक्ष अशोक कुमार बुनकर ने बताया कि प्रदेश में करीब 23 हजार गौसेवक और 11 हजार मैत्री पिछले 22 वर्षों से ग्रामीण क्षेत्रों में पशुओं का प्राथमिक उपचार, कृत्रिम गर्भाधान, एफएमडी टीकाकरण, एचएस-बीक्यू व पीपीआर टीकाकरण, टैगिंग, पशुगणना, बधियाकरण तथा राष्ट्रीय पशु रोग नियंत्रण कार्यक्रम सहित विभाग की विभिन्न योजनाओं में कार्य कर रहे हैं। इसके बावजूद उन्हें नियमित मानदेय या वेतन नहीं मिलता। उन्होंने आरोप लगाया कि कई कार्यों का भुगतान भी वर्षों की देरी से किया जाता है।
संघ ने चेतावनी दी है कि 11 जुलाई से गौसेवक मैत्री अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू करेंगे। आंदोलन के दौरान दुग्ध समिति संपर्क अभियान के तृतीय चरण, एफएमडी टीकाकरण, कृत्रिम गर्भाधान, टैगिंग सहित अन्य विभागीय कार्य और ऑनलाइन प्रविष्टियां भी नहीं की जाएंगी।
संघ ने शासन से मांग की है कि छत्तीसगढ़ और उत्तर प्रदेश की तर्ज पर मध्यप्रदेश में भी गौसेवक मैत्री को मासिक मानदेय दिया जाए, बीमा सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए तथा एफएमडी टीकाकरण का पारिश्रमिक 5 रुपये से बढ़ाकर 25 रुपये प्रति पशु किया जाए। ज्ञापन सौंपने के दौरान ब्लॉक अध्यक्ष कवितलाल धुर्वे सहित बड़ी संख्या में गौसेवक मैत्री मौजूद रहे।