डेंगू नियंत्रण के लिए 14 शासकीय कार्यालयों में किया गया एडीज लार्वा का सर्वे
छिंदवाड़ा
07-Sep-26
तामिया व हर्रई के 30 ग्रामों में कीटनाशी छिड़काव पूर्ण
लार्वा पॉजिटिव कंटेनरों में लार्वानाशक डालकर किया गया नष्टीकरण

छिन्दवाडा
डेंगू की रोकथाम एवं नियंत्रण के लिए शहरी क्षेत्र छिंदवाड़ा में 3 दलों द्वारा 14 शासकीय कार्यालयों एवं संस्थाओं में एडीज मच्छरों के लार्वा का सर्वे किया गया। सर्वे के दौरान सांची दूध डेयरी, उप संचालक पशु चिकित्सा, कार्यालय मुख्य अभियंता पूर्व क्षेत्र विद्युत मंडल, सिटी कोतवाली, कार्यालय सिविल सर्जन, मेडिकल कॉलेज, योजना कार्यालय निगम एवं कार्यालय मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी में किसी भी वॉटर कंटेनर में एडीज लार्वा नहीं पाए गए। वहीं जिला आयुष कार्यालय में 1 कंटेनर, सैनिक विश्राम भवन एवं कल्याण भवन में 1 कंटेनर, कार्यालय होमगार्ड में 3 कंटेनर तथा कार्यालय कार्यपालन यंत्री जल संसाधन में 1 कंटेनर में एडीज मच्छर के लार्वा पाए गए। सर्वे दल द्वारा लार्वा पॉजिटिव कंटेनरों में लार्वानाशक डालकर उनका नष्टीकरण किया गया। इसके साथ ही ब्लॉक तामिया एवं हर्रई के 30 ग्रामों में कीटनाशी छिड़काव का कार्य पूर्ण किया गया है।
जनसमुदाय से सतर्कता की अपील
स्वास्थ्य विभाग द्वारा जनसमुदाय से अपील की गई है कि अपने घर के सभी पानी के कंटेनर, कूलर, फ्रिज, टांके-टंकियां एवं टायर को प्रति सप्ताह जांचें कि कहीं एडीज मच्छर के लार्वा तो नहीं पनप रहे हैं। ऐसे कंटेनरों को खाली कर उनकी सफाई करें। पानी के बड़े कंटेनर, जिनकी सफाई एवं ढांकना संभव न हो, उनमें प्रति सप्ताह मीठा तेल डालें। मच्छरों के काटने से स्वयं बचाव करें और पूरे शरीर को ढकने वाले कपड़े पहनें। दिन के समय बच्चों एवं वृद्धों को मच्छरदानी के अंदर सोने की सलाह दी गई है। मॉस्किटो कॉइल का उपयोग करें तथा शाम के समय नीम की पत्तियों का धुआं करें।
लक्षण दिखाई देने पर तुरंत चिकित्सक से संपर्क करें
तेज बुखार, आंखों के पीछे दर्द, शरीर पर चकत्ते, मांसपेशियों में दर्द, जोड़ों में दर्द तथा नाक एवं मसूड़ों से रक्तस्राव होने पर तुरंत चिकित्सक से संपर्क करें। डेंगू की जिला चिकित्सालय/छिंदवाड़ा मेडिकल कॉलेज में डेंगू एलिसा टेस्ट निःशुल्क कराया जा सकता है। स्वास्थ्य विभाग ने जनसमुदाय से अपील की है कि इस प्रकार जिले में डेंगू के संचरण के प्रसार को समाप्त/कम करने में सहयोग करें।