एमएसएमई उद्यमों को सशक्त बनाने 9 एवं 10 सितंबर को वर्कशॉप
छिंदवाड़ा
07-Sep-26
उद्यमियों को उद्यम, जेडईडी पंजीकरण, ओएनडीसी ऑनबोर्डिंग सहित विभिन्न योजनाओं की मिलेगी जानकारी

छिन्दवाडा
भारत सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) मंत्रालय तथा विश्व बैंक समर्थित आरएएमपी योजना के अंतर्गत मध्यप्रदेश के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों को विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं सुविधाओं से जोड़ने के उद्देश्य से दो दिवसीय कम्पोजिट वर्कशॉप का आयोजन 9 एवं 10 सितंबर 2026 को किया जाएगा।
महाप्रबंधक, जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र, छिंदवाड़ा ने बताया कि वर्कशॉप का आयोजन रायमेन्स पार्टी हॉल, वीआईपी रोड, छिंदवाड़ा में प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक किया जाएगा। कार्यक्रम में उद्यमियों की सुविधा के लिए वॉक-इन एवं कियोस्क सुविधा उपलब्ध रहेगी, जिसके माध्यम से मौके पर ही विभिन्न पंजीयन एवं संबंधित सेवाओं का लाभ लिया जा सकेगा।
कार्यक्रम के दौरान उद्यमियों को उद्यम पंजीकरण, जेडईडी पंजीकरण तथा ओएनडीसी ऑनबोर्डिंग जैसी महत्वपूर्ण सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके अलावा जेडईडी सर्टिफिकेशन हैंडहोल्डिंग, फाइनेंशियल क्लीनिक, ईएसजी एवं आरईसीपी सत्र, बीआईएस सर्टिफिकेशन सत्र तथा स्वयं सहायता समूहों के औपचारिकीकरण से संबंधित विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा विस्तृत जानकारी एवं मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस पहल का उद्देश्य प्रदेश के एमएसएमई उद्यमियों को आवश्यक जानकारी, प्रमाणन, वित्तीय मार्गदर्शन एवं डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़कर उनके व्यवसाय को अधिक सक्षम, प्रतिस्पर्धी एवं औपचारिक स्वरूप प्रदान करना है। कार्यक्रम का आयोजन मध्यप्रदेश लघु उद्योग निगम लिमिटेड (एमपीलून) तथा सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग, मध्यप्रदेश शासन के सहयोग से किया जा रहा है। सभी एमएसएमई उद्यमियों, इच्छुक व्यवसायियों एवं संबंधित हितधारकों से उक्त वर्कशॉप में अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता करने का आग्रह किया गया है।