ऑनलाईन वोटिंग के माध्यम से चुने जाएंगे युवक कांग्रेस के पदाधिकारी
छिंदवाड़ा
16-Jun-25
छिंदवाड़ा
कांग्रेस ने अपने संगठन को हाईटेक करते हुए नई पद्धति से युवक कांग्रेस के पदाधिकारियों को चुनने का नया रास्ता अपनाया है। आईवाएसी एप के माध्यम से सदस्यता अभियान चलाया जाएगा और इसी एप के माध्यम से ऑनलाईन वोटिंग कर प्रदेश से लेकर ब्लॉक स्तर के पदाधिकारी चुने जाएंगे।
जिले में युवक कांग्रेस की टीम का जल्द ही नये चेहरों के साथ विस्तार होगा। पहले से कहीं अधिक सशक्त भी नजर आएगी युवक कांग्रेस। युवाओं को जोड़ने भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी ने युकां के विस्तार हेतु एक माह का विशेष सदस्यता अभियान चलाने का निर्णय लिया है। जिसमें एप के माध्यम से युवक कांग्रेस के चुनाव की प्रक्रिया भी पूरी होगी साथ ही युवाओं को सदस्यता भी दिलाई जाएगी। युकां के प्रभारी एकलव्य यहाके ने बताया कि युवक कांग्रेस का सदस्यता अभियान 20 जून से प्रारंभ होकर 19 जुलाई तक एक माह ऑन लाइन संचालित होगा जिसमें आईवायसी एप के माध्यम से युवा युवक कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण करेंगे। इसी एप से युवक कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश महासचिव, जिला अध्यक्ष, जिला महासचिव, विधानसभा अध्यक्ष व ब्लॉक अध्यक्ष के नामांकन दाखिल हुए है और वे अपना मतदान भी इसी एप से करेंगे। युकां का कार्यकर्ता व सदस्य बनने के उपरांत युकां प्रदेश अध्यक्ष एवं जिलाध्यक्ष चुनने का अधिकार भी कार्यकर्ता के पास होगा।