अब केवल 15 सेकेंड में होगा UPI पेमेंट, पहले लगता था 30 सेकेंड
देश
16-Jun-25
छिंदवाड़ा
नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया यानि NPCI ने UPI से जुड़े कुछ नियमों में बदलाव किए जो आज 16 जून से लागू हो गए हैं। कई बार आप UPI पेमेंट करते हुए लगने वाले समय से परेशान और नाराज नजर आए होंगे लेकिन UPI पेमेंट में लगने वाले समय को कम कर दिया गया है। पहले UPI पेमेंट में 30 सेकेंड का समय लगता था लेकिन आज से सिर्फ अब 15 सेकेंड में आपका UPI पेमेंट हो जाएगा। पहले जब हम फोनपे, गूगल पे या पेटीएम जैसे UPI से पेमेंट करते थे तो ट्रांजेक्शन पूरा होने में कई बार 30 सेकेंड तक लग जाते थे, लेकिन पिछले महीने UPI ने बैंकों और पेमेंट एप्स को कहा था कि वो अपने सिस्टम को अपग्रेड करें, ताकि पेमेंट सिर्फ 15 सेकेंड में हो जाए। ये नियम आज से पूरे देश में लागू हो गए हैं। UPI ने कुछ टेक्निकल चीजें बदली हैं जो API यानी एप्लिकेशन प्रोग्रामिंग इंटरफेस से जुड़ी है। सरल शब्दों में कहें तो ये वो सॉफ्टवेयर सिस्टम है जो अपना पेमेंट एक बैंक से दूसरे बैंक तक पहुंचाते हैं। NPCI ने यह भी अपडेट किया है कि बैंक और पेमेंट एप कब और कैसे पेंडिंग या अटके हुए ट्रांजेक्शन चेक कर सकते हैं। पहले एप्स को यह वेरिफाई करने के लिए 90 सेकेंड तक इंतजारकरना पड़ता था कि कोई ट्रांजैक्शन सफल हुआ या नहीं। अब वे ट्रांजैक्शन शुरू होने के 45 से 60 सेकेंड बाद ही इसे चेक कर सकते हैं। इससे ट्रांजैक्शन फेल होने की स्थिति में कंफ्यूजन कम होगा। मई माह में पूरे देश में UPI से होने वाले ट्राजैक्शनों में 4 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है।