Home News Helpline Classified Jobs About Contact

हाईजीन को लेकर होटल, रेस्टोरेंट के किचन की सख्ती से होगी जांच

हाईजीन को लेकर होटल, रेस्टोरेंट के किचन की सख्ती से होगी जांच
छिंदवाड़ा
31-Aug-26
कलेक्टर श्री नारायन ने ली समय-सीमा प्रकरणों की समीक्षा बैठक

छिन्दवाडा 

कलेक्टर हरेंद्र नारायन ने निर्देश दिए कि फूड सेफ्टी की टीम, खाद्य सामग्रियों के सैंपल लेने के साथ ही जिले के होटल, रेस्टोरेंट्स आदि के किचन का हाईजीन की दृष्टि से भी औचक निरीक्षण करें और समुचित हाईजीन नहीं पाए जाने पर कार्यवाही भी करें। उन्होंने अपर कलेक्टर धीरेन्द्र सिंह को इसकी साप्ताहिक समीक्षा करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर श्री नारायन सोमवार को कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा प्रकरणों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक में अधिकारियों को आवश्यक दिशा - निर्देश दे रहे थे। उन्होंने सभी तहसीलदारों को राजस्व वसूली बढ़ाने, सभी जनपद सीईओ को ई-केवायसी कार्य एक सप्ताह के अंदर 97 प्रतिशत से ऊपर ले जाने, अवमानना के प्रकरणों में जवाब दर्ज कराने, डेंगू एवं मलेरिया प्रिवेंशन के लिए लार्वा की जांच एवं विनष्टीकरण का कार्य लगातार जारी रखने सहित अन्य आवश्यक निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए। बैठक में जिले के विभिन्न विभागों से संबंधित लंबित सीएम हेल्पलाइन शिकायतों, जनसुनवाई आवेदनों और मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान 2026 के तहत प्राप्त शिकायतों के निराकरण की भी विभागवार विस्तृत समीक्षा की गई। 

लक्ष्य प्राप्त न होने पर तहसीलदार होंगे जिम्मेदार

कलेक्टर श्री नारायन ने सभी तहसीलदारों को फॉर्मर रजिस्ट्री और बकेटिंग कार्य में गति लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने गत सप्ताह कम प्रगति वाले तहसीलदारों पर नाराजगी जाहिर की और पटवारी के कार्यों पर निगरानी रखते हुए गति लाने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रत्येक पटवारी के लिए प्रतिदिन के कार्य का लक्ष्य भी निर्धारित किया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि आगामी सप्ताह में लक्ष्य के अनुसार कार्य नहीं होने पर संबंधित तहसीलदार की जिम्मेदारी तय की जाएगी।

दिसम्बर तक पूरे करें ऋण योजनाओं के लक्ष्य

कलेक्टर श्री नारायन ने कहा कि शासन द्वारा आमजन को स्व-रोजगार से जोड़ने के लिए विभिन्न विभागों के माध्यम से कई योजनाएं चलाई जा रही हैं, संबंधित विभाग इन सभी ऋण संबंधी योजनाओं में अधिक से अधिक हितग्राहियों को लाभान्वित करते हुए शत-प्रतिशत लक्ष्य की पूर्ति दिसम्बर माह तक ही पूर्ण करने के प्रयास करें। लक्ष्य के अनुरूप सभी विभाग पर्याप्त संख्या में ऋण प्रकरण बैंकों में भेजें। बैंकों द्वारा समय पर कार्यवाही की जाए, इसके लिए प्रति सप्ताह बैंकर्स की बैठक ली जा रही है। उनसे बेहतर समन्वय करते हुए पात्र हितग्राहियों को इन योजनाओं का लाभ दिलाना सुनिश्चित करें।

बैठक के दौरान जिला प्रशासन और विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय एवं मुख्यालय के अधिकारी सभाकक्ष में उपस्थित थे, जबकि जिले के अन्य सभी एसडीएम एवं खंड स्तरीय अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल थे।
Share News On