17 सिंतबर से 25 दिसंबर तक दोनों जिलों में होंगे 100 निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर
राजनीति
31-Aug-26
सांसद बंटी विवेक साहू के मार्गदर्शन में होगा शिविरों का आयोजन

छिंदवाड़ा
सांसद बंटी विवेक साहू के मार्गदर्शन में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन से 17 सिंतबर से लेकर पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिवस 25 दिसंबर तक दोनों जिलों में आयोजित होने वाले 100 दिवसीय निःशुल्क स्वास्थ्य शिविरों लेकर सांसद कार्यालय में सांसद बंटी विवेक साहू ने आयोजन समिति की बैठक ली।
इस दौरान सांसद श्री साहू ने आयोजन समिति के सदस्यों से अपील की है कि इन 100 शिविरों को सफल बनाने के लिए आप लोगों की भूमिका अहम रहेगी। उन्होंने कहा कि आप सभी अभी से ही शिविरों की तैयारी प्रारंभ करते हुए इसे सफल और ऐतिहासिक बनाए। इस अवसर पर उपस्थित आयोजन समिति के सदस्यों ने उक्त 100 दिवसीय शिविरों को सफल बनाने के लिए हर संभव सहयोग का आश्वासन सांसद को दिया है। सांसद बंटी विवेक साहू ने जिले के जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों, आगनवाड़ी कार्यकर्ताओं व साहिकाओं, आशा व उषा कार्यकर्ताओं, सहित अन्य लोगों से अपील की है कि जब भी आपके क्षेत्रों में निःशुल्क शिविरों का आयोजन किया जाता है तो आप सभी अपने-अपने क्षेत्रों के मरीजों को शिविरों में अधिक से अधिक संख्या में भेजते हुए उन्हें 100 दिवसीय शिविरों का लाभ दिलाए।
सांसद ने बताया पिछले 2 वर्षों में लाभान्वित हुए 1 लाख 70 हजार से अधिक मरीज
बैठक के दौरान सांसद बंटी विवेक साहू ने बताया कि सेवा ही संकल्प अभियान को लेकर पिछले 2 वर्षों में छिंदवाड़ा और पांढुर्णा जिले में 100 स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से 1 लाख 70 हजार से अधिक मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण करते हुए 20 हजार से मरीजों का अलग-अलग बीमारियों का छिंदवाड़ा सहित महानगरों में ऑपरेशन कराया गया था। इस दौरान गांवों में बिना ईलाज किए घरों में पड़े हुए मरीजों को भी शिविरों के माध्यम से बेहतर उपचार मिला था। पिछले वर्षों की भांति इस वर्ष भी दोनों जिलों में 100 निःशुल्क स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से मरीजों को बेहतर ईलाज मिल सकेगा।
सांसद बंटी विवेक साहू ने बताया कि इस वर्ष आयोजित होने वाले 100 शिविरों में भी डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टॉफ की भूमिका अहम रहेगी। उक्त 100 दिवसीय स्वास्थ्य शिविरों की तिथि और स्थानों का चयन किया जा रहा है। शिविरों में चिन्हित गंभीर मरीजों का जिला अस्पताल, निजी चिकित्सालयों सहित महानगरों में भेजकर उचित ईलाज और ऑपरेशन किया जायेगा। उक्त शिविरों में संबंधित विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों का भी सहयोग लिया जायेगा। बैठक के दौरान सांसद श्री साहू ने आयोजन समिति के सदस्यों से सुझाव भी मांगे, जिस पर आयोजन समिति के सदस्यों ने अपने सुझाव भी दिए। सांसद श्री साहू ने लोगों से अपील की है कि वे उक्त शिविरों के दौरान अधिक से अधिक संख्या में शिविरों में पहुंचकर इसका लाभ उठाए।
बैठक में यह रहे प्रमुख रूप से उपस्थित
सांसद कार्यालय में आयोजित बैठक के दौरान भाजपा जिला चिकित्सा प्रकोष्ठ के अध्यक्ष डॉ. कृष्ण हरजानी, वरिष्ठ समाज सेवी प्रभुनारायण नेमा, दीपक खंडेलवाल, डॉ. हितेश मिश्रा, डॉ. मयंक साहू, पूरन राजलानी, मनोज कुशवाह, जगेन्द्र अल्डक, रिजवान कुरैशी, नीरज भारद्वाज, मनोज सक्सेना, अभिषेक सिंह चंदेल, डॉ. पंकज शर्मा, डॉ. प्रियंक शर्मा, दिनेशकांत मालवी एवं आयोजन समिति के अन्य सदस्य उपस्थित थे।