Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

युवाओं ने पूछे प्रश्न, नकुलनाथ ने दिए उत्तर

युवाओं ने पूछे प्रश्न, नकुलनाथ ने दिए उत्तर
छिंदवाड़ा
01-May-26
कांग्रेस युवा नेतृत्व ने किया होटल करण में किया युवा संवाद

छिन्दवाड़ा

कांग्रेस के युवा नेतृत्व ने नागपुर रोड स्थित होटल द करण में “युवा संवाद” कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम में जिलेभर से सैकड़ों युवाओं ने शिक्षा, रोजगार, उद्योग, विकास, नई तकनीक, क्रिकेट और किसानों की समस्याओं से जुड़े अनेकों प्रश्न पूर्व सांसद नकुलनाथ से किए जिसके जवाब उन्होंने दिए। नकुलनाथ ने भविष्य में एआई के फायदे व नुकसान भी बताए।

शिखर लोधी (चांद) प्रश्न: अब छिन्दवाड़ा में उद्योग नहीं आ रहे ?
नकुलनाथ: विगत दो वर्ष से जिले में कोई नई योजना और परियोजना नहीं आई है। छिन्दवाड़ा ही नहीं बल्कि पूरे मप्र में देश के बड़े उद्योग घराने अब उद्योग लगाने में रुचि नहीं दिखा रहे, क्योंकि यहां भ्रष्टाचार चरम पर है। पूर्व सीएम कमलनाथ की 15 माह की सरकार में कई योजनाएं, परियोजनाएं व उद्योग मंजूर हुए, लेकिन दुभार्ग्य से हमारी सरकार गिरा दी गई।

ललित पटेल (छिंदवाड़ा) प्रश्न: यहां डिजिटल परीक्षा केन्द्र नहीं है जिसके चलते परीक्षार्थियों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
नकुलनाथ: अविलम्ब इसके लिए प्रयास किए जाएंगे। आप एक आवेदन बनाकर दें, उस पर जल्द ही अमल किया जाएगा।

डॉ. अंकिता दीक्षित प्रश्न: रोजगार को लेकर प्रश्न किया साथ ही एआई पर भविष्य में सम्भावनाएं भी पूछी।
नकुलनाथ: पूर्व सीएम कमलनाथ जी और मेरे द्वारा सतत रूप से जिले के युवाओं को रोजगार दिलाने के प्रयास जारी है। समय-समय पर यहां देश की राष्ट्रीय व अंतर राष्ट्रीय कम्पनियों के द्वारा साक्षात्कार लिए जाते हैं। जिससे युवा रोजगार से जुड़ रहे हैं। एआई भविष्य में बहुत सारे रोजगार प्रभावित करेगा, इसके लिए हमें अभी तैयार रहना होगा।

प्रथम सोनी (मोहखेड़) प्रश्न: रोजगार नहीं मिल रहे हैं? इसको लेकर क्या प्रयास किए जा रहे हैं।
नकुलनाथ:  पीएम मोदी ने हर साल 2 करोड़ युवाओं को रोजगार देने की घोषणा की थी, मैं हर सभा में पूछता हूं कितने लोगों को रोजगार मिला कोई हाथ नहीं उठाता। मेरे पिता सीएम थे तब रोजगार के अवसर सृजित किए गए। अभी स्किल सेन्टरों से तकनीकी प्रशिक्षण प्राप्त करें जिसके उपरांत रोजगार के अवसर अवश्य मिलेंगे।

मुरली (छिंदवाड़ा) प्रश्न:  कमलनाथ और आपने छिन्दवाड़ा के विकास लिए जो सुनहरा सपना देखा था, क्या वह पूरा हो पाएगा ?
नकुलनाथ: मेरे पिता और मैंने जो सपना देखा है वह अवश्य पूरा होगा। छिन्दवाड़ा का विकास कभी नहीं रूकेगा। सबसे खास बात यह कि नाथ परिवार की ओर से तो छिन्दवाड़ा का विकास कभी रूक ही नहीं सकता यह बात आप लिख लीजिये।  पिछले दो साल में भाजपा सरकार का एक विकास का कार्य बता दीजिए कोई जवाब नहीं मिला। भाजपा की सरकार में नालियां फुल, रोड में गड्‌डे और गड्‌डे में रोड, 500 रुपए में रसोई गैस सिलेंडर देने का वादा था आज सिलेंडर ही गुम है। यह सोचने और समझने वाली बात है कि भाजपा घोषणाएं तो खूब करती है, लेकिन उन्हें पूरा नहीं करती।

बंटी चन्द्रवंशी (छिंदवाड़ा) प्रश्न:  आईपीएल में मप्र की टीम बनेगी ?
नकुलनाथ: बिल्कुल बनेगी। मेरी बड़े क्रिकेट खिलाड़ियों से इस विषय पर लगातार बात चल रही है। आईपीएल में कुछ टीमें जुड़नी है, मेरा प्रयास है कि उसमें मप्र का नाम भी शामिल हो।

ऐतिहासिक “युवा संवाद” कार्यक्रम का आयोजन कांग्रेस के युवा नेता अजय सिंह ठाकुर एवं राकेश माहारे के द्वारा किया गया था। दोनों ही युवा नेताओं ने कार्यक्रम के अंत में पूर्व सांसद नकुलनाथ को युवा संवाद का स्मृति चिन्ह भेंट किया।
Share News On