योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा ही निरोगी काया का मुख्य आधार
छिंदवाड़ा
26-May-26
योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा शिविर में लोगों ने सीखे स्वस्थ्य रहने के गुण
छिंदवाड़ा
भारतीय रेडक्रास सोसायटी एवं गायत्री शक्तिपीठ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित “योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा शिविर खजरी रोड मेघदूत कॉलोनी स्थित गायत्री शक्तिपीठ में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। सुबह 7 बजे से सायं 5 बजे तक आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में नागरिकों ने सहभागिता कर स्वास्थ्य लाभ प्राप्त किया।
शिविर में योग, प्राणायाम एवं प्राकृतिक चिकित्सा के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने पर विशेष मार्गदर्शन दिया गया। उपस्थितजनों को प्राकृतिक चिकित्सा के महत्व, दैनिक जीवन में योग की उपयोगिता तथा विभिन्न रोगों से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। इस अवसर पर नागपुर से आए प्राकृतिक चिकित्सकों की टीम ने रोगियों एवं जिज्ञासुओं को प्राकृतिक चिकित्सा पद्धति की उपयोगी विधियों का प्रशिक्षण प्रदान किया। टीम में डॉ. धनलाल शेंद्रे, डॉ. राहुल गड्डमवार, अमित खापेकर, हर्षिका कापसे, दीपिका वराठे, अक्षय दरवाड़े एवं आरती शर्मा शामिल रहे।
कार्यक्रम में भारतीय रेडक्रास सोसायटी भोपाल के वाइस चेयरमेन गणेश रावत, कोषाध्यक्ष दीपेश मेहता एवं पूर्व चेयरमेन गगन कोल्हे, भानुदास गोखे विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. इंद्रप्रसाद त्रिपाठी, कुलगुरु राजा शंकर शाह विश्वविद्यालय, छिंदवाड़ा एवं डॉ. लक्ष्मीचंद बड़ोनिया, प्राचार्य पी.जी. कॉलेज, छिंदवाड़ा ने की।
इस अवसर पर छिंदवाड़ा के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे, जिनमें भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ के कृष्णा हरजानी, भारती साहू, श्रीमती अभिलाषा भांगरे, अनिल साहू, संदीप जैन सहित अन्य सामाजिक एवं चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े लोग सम्मिलित थे। कार्यक्रम के समापन पर आयोजकों ने सभी अतिथियों, चिकित्सकों एवं उपस्थित नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया। आयोजन को सफल बनाने में रेडक्रास सोसायटी एवं गायत्री परिवार के कार्यकर्ताओं का विशेष योगदान रहा।