270 किमी क्षेत्र में वन भूमि पर निर्माण की स्वीकृति नहीं मिलने से बंद है कार्य
छिंदवाड़ा
28-Apr-26
कमलनाथ ने जल प्रदाय योजना को लेकर मुख्यमंत्री को लिखा अहम पत्र
छिन्दवाड़ा
मप्र के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने माचागोरा समूह जल प्रदाय योजना को लेकर एक अहम पत्र प्रदेश के मुख्यमंत्री को लिखा है। उन्होंने 270 किमी क्षेत्रफल में वन भूमि की वजह से निर्माण की स्वीकृति नहीं मिलने के कारण थमे हुए निर्माण कार्य का हवाला देते हुए कहा कि इस बहूउपयोगी योजना का अविलम्ब पूर्ण होना नितांत आवश्यक है, क्योंकि इससे 07 ब्लॉकों के 721 ग्राम सीधे तौर पर लाभांवित होंगे। इसीलिये सम्बंधित विभाग प्रमुखों को तत्काल आदेशित कर निर्माण कार्य की प्रक्रिया को शीघ्र अति शीघ्र प्रारम्भ कराएं।
पूर्व मुख्यमंत्री व वर्तमान विधायक कमलनाथ ने अपने अर्द्ध शासकीय पत्र क्रमांक 104 में लिखा कि माचागोरा समूह जल प्रदाय योजना छिन्दवाड़ा जिले के 07 विकासखण्डों के लगभग 721 ग्रामों में पेयजल उपलब्ध कराने की एक अत्यंत महत्वपूर्ण एवं जनहितकारी योजना है। इस योजना के अंतर्गत अनेक गांवों में पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जानी है। इससे आमजन को आसानी से पेयजल उपलब्ध होगा। इस योजना के अंतर्गत लगभग 270 किलोमीटर क्षेत्र में वन भूमि से सम्बंधित स्वीकृति लम्बित होने के कारण निर्माण कार्य बांधित हो गया है। परिणामस्वरूप समय-सीमा में कार्य पूर्ण नहीं होने के कारण छिन्दवाड़ा जिले के अनेक ग्राम आज भी पेयजल सुविधा से वंचित है। उन्होंने अनुरोध पूर्वक कहा कि उक्त प्रकरण को जनहित की दृष्ट से प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए संबंधित विभागों को आदेश प्रदान करें, ताकि वन भूमि से सम्बंधित स्वीकृति की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण हो सके एवं माचागोरा समूह जल प्रदाय योजना का निर्माण कार्य पुनरू प्रारंभ होकर समयबद्ध तरीके से पूर्ण किया जा सके।