कांग्रेस के प्रतिनिधि मंडल ने किया गेहूं खरीदी केन्द्रों का अवलोकन
छिंदवाड़ा
28-Apr-26
नूमने के नाम पर किसानों से की जा रही खुली लूट का किया विरोध
छिन्दवाड़ा
जिले के गेहूं उपार्जन केन्द्रों पर फैली अनियमितताएं थमने का नाम नहीं ले रही। स्लॉट बुकिंग की समस्याएं जस की तस बनी हुई है। इसी बीच चौरई एवं छिन्दवाड़ा विधानसभा के कुछ किसानों ने जिले के पूर्व सांसद नकुलनाथ को फोन पर खरीदी केन्द्रों में जारी अनियमितताओं से अवगत कराया। उन्होंने आगे कहा कि जिला कांग्रेस की गठित निगरानी समिति के द्वारा खरीदी केन्द्रों का अवलोकन किया जा रहा है जिसमें भी भारी अनियमितताएं सामने आ रही। लगातार सरकार व स्थानीय सरकारी तंत्र को अनियमितताओं से अवगत कराने के बावजूद किसानों के साथ किया जा रहा अहित अब बर्दाश्त के बाहर है।
पूर्व सांसद नकुलनाथ के निर्देश पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष विश्वनाथ ओकटे, किसान कांग्रेस जिलाध्यक्ष चौधरी पुष्पेन्द्र सिंह, जिला पंचायत सदस्य मनोज वानखेड़े, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष जीवन सिंह रघुवंशी, जिला निगरानी समिति के सदस्य दिगम्बर ठाकरे, अर्जुन पटेल व दीपक साहू ने उमरिया इसरा, खापाकला, शहपुरा, माचागोरा, बांकानागनपुर, झिलमिली सोसाइटी सहित अन्य केन्द्रों में पहुंचकर लगभग 30 से अधिक ग्रामों के किसानों से मिले। किसानों ने प्रतिनिधि मंडल को स्लॉट बुकिंग और सत्यापन की समस्याओं से अवगत कराया।
किसानों से निजी कम्पनी के सर्वेयर द्वारा प्रति किसान 3 किलो से अधिक गेहूं नमूने के लिए लिया जाना उजागर हुआ है। केन्द्रों पर तौल कांटों में गड़बड़ी व अधिक तौल भी पाया गया। किसानों ने कांग्रेस प्रतिनिधि मंडल ने यह भी बताया कि जबलपुर संभाग के साथ ही जिले में स्लॉट बुकिंग गंभीर समस्या बनी हुई है। केन्द्रों पर किसानों नके लिए पानी व छाया की व्यवस्था नहीं है। लगभग सभी केन्द्रों पर नोडल अधिकारी भी नदारद पाए गए। जिला कांग्रेस अध्यक्ष व किसान कांग्रेस अध्यक्ष ने गेहूं उपार्जन केन्द्रों पर नमूने के नाम पर किसानों से गेहूं लेना बंद करने व सही तुलाई, केन्द्रों पर किसानों के लिए पीने का पानी और पर्याप्त छांव करने की मांग की है।