प्रकृति संतुलन के लिए पौधरोपण आवश्यक विषय पर निबंध लिखकर जीते पुरस्कार
छिंदवाड़ा
23-Jul-26
छिंदवाड़ा

स्वच्छता पर्व के अवसर पर मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद, विकासखंड छिंदवाड़ा की नवांकुर संस्था अपूर्वा फाउंडेशन द्वारा शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल, ग्राम कोटलबर्री में ष्प्रकृति संतुलन के लिए पौधरोपण आवश्यकष् विषय पर निबंध लेखन प्रतियोगिता एवं पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण और पौधरोपण के महत्व पर अपने विचार प्रस्तुत कर आकर्षक पुरस्कार जीते।
कार्यक्रम का आयोजन जिला समन्वयक अखिलेश जैन एवं विद्यालय के प्राचार्य बलराम धृतलहरे के मार्गदर्शन में किया गया। इस दौरान अपूर्वा फाउंडेशन के अध्यक्ष संजय साहू, परामर्शदाता श्यामल राव तथा प्रस्फुटन समिति के अध्यक्ष राहुल अवस्थी उपस्थित रहे।
अपूर्वा फाउंडेशन के अध्यक्ष संजय साहू ने बताया कि संस्था द्वारा विद्यालय परिसर में पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से पौधरोपण कर पौधों के लिए सुरक्षा कवच भी लगाए गए। साथ ही विद्यार्थियों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें करीब 80 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।
श्यामल राव ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि यदि मानव जीवन को सुरक्षित और खुशहाल बनाना है तो अधिक से अधिक पौधे लगाने होंगे। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने घरों और खेतों की मेड़ों पर कम से कम एक पौधा लगाने का संकल्प लेने का आह्वान किया। शिक्षक नंदन साहू ने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों के बौद्धिक विकास के साथ उनके आत्मविश्वास को भी बढ़ाती हैं तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करती हैं।
प्रतियोगिता में माध्यमिक एवं हायर सेकेंडरी स्तर पर प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के अलावा छह प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किए गए। इसके बाद पर्यावरण विषयक प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें सही उत्तर देने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों को पौध संरक्षण की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम के संचालन की जिम्मेदारी शिवांगी साहू एवं आलोक टांडेकर ने निभाई।