Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

मातृ शक्ति करेगी राम नवमीं शोभायात्रा का नेतृत्व

मातृ शक्ति करेगी राम नवमीं शोभायात्रा का नेतृत्व
छिंदवाड़ा
22-Mar-26
शाम 4 बजे श्री दादाजी धुनीवाले मंदिर चार फाटक से निकलेगी शोभायात्रा

छिंदवाड़ा

श्रीराम जन्मोत्सव की तैयारियां तेज हो गई है। शहर में जगह-जगह भगवा पताकाओं की तोरण लगाई जा रही है तो वहीं रात के समय दशहरा मैदान से रंगीन रोशनी से सड़क जगमग दिखाई दे रही है। इस वर्ष राम जन्मोत्सव का नेतृत्व मातृशक्ति करेगी इस बात की घोषणा आज हिंदू उत्सव समिति ने पत्रकार वार्ता के दौरान की।

हिंदू उत्सव समिति ने पत्रकारों से चर्चा में बताया कि भगवान श्रीराम जन्मोत्सव 27 मार्च, शुक्रवार को दोप. 12 बजे शहर के सभी मठ- मंदिरों में एक साथ आतिशबाजी व पूजन-अर्चन तथा रात्रि घर घर में दीप प्रज्जवलित किए जायेंगे। हर वर्ष के तरह इस इस वर्ष भी भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी जो दादा धुनीवाले मंदिर चारफाटक से शाम 4 बजे प्रारंभ होगी। समिति ने जानकारी दी कि शोभायात्रा श्री दादाजी धुनीवाले मंदिर चारफाटक से प्रारंभ होकर तिलक मार्केट, यातायात थाना, अमित ठेंगे चौक, जेल तिराहा, अनगढ हनुमान मंदिर के सामने से जिला चिकित्सालय, कोतवाली थाना होते हुए दशहरा मैदान (पोला ग्राउंड) कार्यक्रम स्थल पहुंचेगी। 

तत्पश्चात सुन्दर काण्ड का पाठ तथा महाआरती एवं प्रसाद वितरण के पश्चात शोभायात्रा का समापन होगा। हिन्दू उत्सव समिति ने सभी धर्मप्रेमी युवाओं एवं माताओं-बहनों से अपील की है कि शोभायात्रा में शामिल होकर शोभायात्रा को एतिहासिक बनाए एवं पुण्य लाभ अर्जित करें। रैली का नेतृत्व मातृशक्ति करेगी। शोभायात्रा में डीजे पर बैठना और लोहे के पाइप में झंडा फहराना प्रतिबंधित रहेगा। पत्रकार वार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव,  पूर्वमंत्री चौधरी चंद्रभान सिंह, कांग्रेस जिलाध्यक्ष विश्वनाथ ओक्टे, वरिष्ठ कांग्रेस नेता गंगा प्रसाद तिवारी, आनंद बक्शी सहित वरिष्ठ भाजपा और कांग्रेस नेताओं के अलावा शहर के गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। 
Share News On