Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

महिलाओं के अधिकारों से खिलवाड़ करने वालों को नारी शक्ति देगी करारा जवाब: मंजरी जैन

महिलाओं के अधिकारों से खिलवाड़ करने वालों को नारी शक्ति देगी करारा जवाब: मंजरी जैन
छिंदवाड़ा
23-Apr-26

छिंदवाड़ा

भारतीय जनता पार्टी मध्यप्रदेश की प्रदेश प्रवक्ता श्रीमती मंजरी जैन एवं भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव ने भाजपा जिला कार्यालय छिंदवाड़ा में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित किया। पत्रकार वार्ता का स्वागत उद्बोधन भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव ने किया। प्रेस वार्ता के दौरान संचालन प्रदेश प्रवक्ता अजय धवले द्वारा किया गया।

पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए प्रदेश प्रवक्ता श्रीमती मंजरी जैन ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम को प्रभावी बनाने वाले 131वें संविधान संशोधन विधेयक पर लोकसभा में विपक्ष का रवैया देश की महिलाओं के सम्मान, अधिकार और लोकतांत्रिक भागीदारी के विरुद्ध है। उन्होंने कहा कि यह केवल एक संसदीय प्रक्रिया नहीं थी, बल्कि देश की आधी आबादी को राजनीतिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में उठाया गया ऐतिहासिक कदम था, जिसे विपक्ष ने अपने राजनीतिक स्वार्थ के कारण बाधित करने का प्रयास किया।

श्रीमती जैन ने कहा कि कांग्रेस, डीएमके, टीएमसी, समाजवादी पार्टी और पूरे इंडी गठबंधन ने इस विधेयक का विरोध कर अपनी महिला विरोधी मानसिकता उजागर कर दी है। यह केवल एक विधेयक का विरोध नहीं, बल्कि करोड़ों महिलाओं के अधिकारों और उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ है। सबसे दुर्भाग्यपूर्ण यह रहा कि विपक्ष ने इस पूरे घटनाक्रम पर जश्न मनाया, जो देश की प्रत्येक महिला का अपमान है।

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और इंडी गठबंधन के नेताओं ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि उनके लिए महिला सशक्तिकरण केवल चुनावी नारा है, वास्तविक प्रतिबद्धता नहीं। कांग्रेस का इतिहास महिलाओं के अधिकारों का विरोध करने का रहा है। शाहबानो प्रकरण, तीन तलाक और अनुच्छेद 370 से प्रभावित कश्मीरी महिलाओं के अधिकारों के मुद्दे पर भी कांग्रेस ने हमेशा महिलाओं के हितों के विरुद्ध खड़े होकर अपनी सोच स्पष्ट की है।

श्रीमती मंजरी जैन ने तीखे शब्दों में कहा कि “कांग्रेस महिलाओं से माफी मांगे, रैली नहीं माफी रैली निकाले।” उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी विरोध करते-करते विपक्ष अब नारी विरोधी बन चुका है। उन्होंने कहा कि इतिहास गवाह है कि जब-जब नारी का अपमान हुआ है, तब-तब नारी शक्ति ने कमान संभालकर नया इतिहास रचा है।

प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि देश की 70 करोड़ महिलाएं इस पूरे घटनाक्रम को देख रही हैं, समझ रही हैं और इसे याद रखेंगी। महिलाओं के अधिकारों का विरोध करने वालों को हर चुनाव में, हर स्तर पर और हर स्थान पर जवाब मिलेगा। अब यह विषय केवल संसद तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि जन-जन का मुद्दा बनेगा। इस अवसर पर सौसर नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती सुरेखा इंदरचंद डागा, श्रीमती माया राउत, श्रीमती भारती साहू, श्रीमती आरती खंडेलवाल, श्रीमती अमिता वरैया, जिला सह मीडिया प्रभारी विक्रम सोनी एवं रोशन सिगनापुरे उपस्थित रहे।
Share News On

"सफलता" की पोशाक कभी तैयार नहीं मिलती, इसे बनाने के लिए"मेहनत" का हुनर चाहिये।