किसान हित में भाजपा का बड़ा फैसला, विकास के साथ अब किसानों को भी मिलेगा न्याय
छिंदवाड़ा
23-Apr-26
भाजपा सरकार ने बढ़ाया किसानों का मान, भू-अर्जन पर मिलेगा चार गुना सम्मान: शेषराव यादव
छिंदवाड़ा
भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष शेषराव यादव ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में मंत्रिपरिषद द्वारा कृषि भूमि के भू-अर्जन मुआवजे को लेकर लिए गए महत्वपूर्ण निर्णय का स्वागत करते हुए कहा है कि यह फैसला प्रदेश के किसानों के सम्मान, सुरक्षा और आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक एवं दूरदर्शी निर्णय है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने एक बार फिर यह सिद्ध कर दिया है कि किसान केवल सरकार की प्राथमिकता नहीं, बल्कि उसके विकास के केंद्र में है।
श्री यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा अब कृषि भूमि अधिग्रहण की स्थिति में किसानों को बाजार मूल्य का चार गुना तक मुआवजा दिया जाएगा। यह निर्णय उन लाखों किसानों के हित में है जिनकी भूमि विकास कार्यों के लिए अधिग्रहित की जाती है। पहले जहां किसानों को उनकी जमीन का उचित मूल्य नहीं मिल पाता था, वहीं अब उन्हें उनकी मेहनत और संपत्ति का सम्मानजनक प्रतिफल प्राप्त होगा।
उन्होंने कहा कि बढ़े हुए मुआवजे से किसानों को आर्थिक मजबूती मिलेगी, जिससे वे अपने परिवार की जरूरतें पूरी करने के साथ-साथ कृषि कार्यों में पुनर्निवेश भी कर सकेंगे। इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी बल मिलेगा और गांवों में समृद्धि का नया वातावरण बनेगा।
श्री यादव ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्षों तक किसानों के नाम पर राजनीति करने वाली कांग्रेस ने कभी किसानों को न्याय दिलाने का गंभीर प्रयास नहीं किया। कांग्रेस सरकारों में किसान केवल घोषणाओं और कर्जमाफी के झूठे वादों तक सीमित रहे, जबकि भाजपा सरकार किसानों के जीवन में वास्तविक परिवर्तन लाने का कार्य कर रही है।
श्री यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार किसानों की आय बढ़ाने, आधुनिक कृषि को बढ़ावा देने और ग्रामीण विकास को गति देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। आज प्रदेश का किसान यह महसूस कर रहा है कि उसकी चिंता करने वाली सरकार उसके साथ खड़ी है।
भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव ने जिले के किसानों को इस महत्वपूर्ण निर्णय के लिए बधाई देते हुए कहा कि भाजपा सरकार किसानों के सम्मान, समृद्धि और अधिकारों की रक्षा के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है तथा आने वाले समय में भी किसान हित में ऐसे जनकल्याणकारी निर्णय लिए जाते रहेंगे।