Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

जब पुलिस थाना ही सुरक्षित नहीं तो जनता की सुरक्षा कैसे: युकां

जब पुलिस थाना ही सुरक्षित नहीं तो जनता की सुरक्षा कैसे: युकां
छिंदवाड़ा
10-Apr-26
पुलिस की गम्भीर निष्क्रियता पर उठाए प्रश्न, कहा जिले में अपराधी हुए बेखौफ

छिन्दवाड़ा

पुलिस के कांधों पर जिले की सुरक्षा की जिम्मेदारी है किन्तु ये कांधे सत्तासीनों की सेवा में कमजोर पड़ गए हैं। कुछ संरक्षण प्राप्त अपराधियों के सामने नतमस्तक है। वर्दी का खौफ खत्म हो चुका है, इसीलिये अपराधी बेखौफ है, उन्हें पुलिस थाना परिसर भी आम जनता का घर लगने लगा है। इसकी वजह पुलिस की गम्भीर निष्क्रियता है। गत दिवस कोतवाली थाना परिसर के भीतर से कानून के पहरी अधिवक्ता की मोटरसाइकिल चोरी होना इसका सबसे बड़ा प्रमाण है। नगर युवक कांग्रेस ने इस प्रकरण को लेकर पुलिस अधीक्षक के नाम ज्ञापन नगर पुलिस अधीक्षक को सौंपा है।

जिला युवक कांग्रेस अध्यक्ष गोलू पटेल के निर्देश उपरांत नगर युवक कांग्रेस ने कोतवाली थाना परिसर से मोटरसाइकिल चोरी के प्रकरण पर प्रश्न उठाते हुए कहा कि अपराधियों में पुलिस का खौफ समाप्त हो चुका है। विधानसभा अध्यक्ष विशेष माहोरे व शहर कांग्रेस अध्यक्ष जगदम्बा वर्मा ने नगर व जिलेभर में सतत रूप से हो रही चोरियां व अन्य जघन्य अपराध पर पुलिस को घेरते हुए कहा कि पुलिस चोरियों व बढ़ते हुए अपराध को रोकने में पूरी तरह नाकाम है, क्योंकि पुलिस अपनी नैतिक जिम्मेदारी, कर्तव्य व कार्य को छोड़कर भाजपा की आवभगत में लगी है और जनता की सुरक्षा भगवान भरोसे हैं। कोतवाली थाना परिसर से पुलिस की नाक के नीचे से मोटरसाइकिल चोरी हो जाती है और उन्हें भनक भी नहीं लगती, इससे बड़े दुभार्ग्य की बात और दूसरी नहीं हो सकती। नगर पुलिस अधीक्षक को प्रस्तुत ज्ञापन के माध्यम से युवक कांग्रेस ने विनम्रतापूर्वक आग्रह किया कि जिलेभर में पुलिस राजनीति से प्रेरित होकर काम कर रही। निष्पक्षता बची नहीं अब जिम्मेदारियां भी नहीं बची..इसीलिये आम जनता में अपराधियों का डर बन चुका है।

युवक कांग्रेस ने 11 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए कहा कि पुलिस की अभिरक्षा से अधिवक्ता संतकुमार पाल की बाइक चोरी हुई। सीसीटीवी में घटनाक्रम है इसके बाद भी पुलिस खाली हाथ है। मंदिरों की दानपेटियों से लेकर मकानों तक चोरों के हाथ पहुंचे और अब पुलिस परिसर में चोरों ने हाथ डाला है। यह गम्भीर ही नहीं पुलिस की गम्भीर निद्रा को उजागर कर रही है। जिलेभर से लगातार ऑन लाइन धोखाधड़ी के मामले सामने आ रहे हैं जिसे रोकने और धोखाधड़ी के शिकार हुए लोगों को न्याय दिलाने में पुलिस पूरी तरह विफल है। अविलम्ब इस दिशा में कोठ व कारगर कदम उठाए जाए।

  • युकां की मांगे

  • शहर के प्रत्येक क्षेत्र में पुलिस की गश्त बढ़ाई जाए। रात्रि 11 बजे से प्रातः 05 बजे तक रिहायशी क्षेत्रों में सघन गश्त प्रारंभ की जाए। इससे अपराधों में कमी आएगी।

  • शहर के बाजार व भीड़ भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस की पैदल गश्त प्रारंभ की जाए। इससे आम जनता में सुरक्षा और अपराधियों में भय का माहौल बनेगा।

  • शहर के प्रमुख स्थलों के सीसीटीवी बंद पड़े हैं, उन्हें तत्काल चालू किया जाए साथ ही सीसीटीवी कैमरों की संख्या बढ़ाई जाए जिससे प्रत्येक गतिविधियां पुलिस की नजर में रहे।

  • पुलिस के द्वारा रात्रि के समय संघन जांच अभियान चलाया जाए। संदिग्ध वाहनों की जांच कर कड़ी कार्रवाई की जाए ताकि चोरी के वाहनों को पकड़ा जा सके।

  • जन संवाद और सूचना तंत्र पुलिस मित्र मोहल्ला समितियों के साथ बैठकर स्थानीय युवाओं को पुलिस मित्र के रूप में जोड़ा जाए। जो पुलिस को संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पुलिस तक पहुंचाए।

  • नगर के भीतर रह रहे किराएदारों का सत्यापन कराया जाए। प्रत्येक रात्रि में शहर की होटल में ठहरने वाले लोगों का सत्यापन किया जाए साथ ही बाहरी व्यक्तियों की प्रत्येक जानकारी पुलिस के पास रहे यह सुनिश्चित किया जाए।

  • मातृशक्ति की सुरक्षा को लेकर विशेष महिला पुलिस दस्ता निर्भया या शक्ति मोबाइल कॉलेजों और कोचिंग सेंटरों के पास तैनात रहे। नशा मुक्ति और अवैध शराब बिक्री पर रोक लगाने हेतु ठोस कदम उठाए।

ज्ञापन प्रस्तुत करते समय विधानसभा अध्यक्ष विशेष माहोरे, नगर अध्यक्ष जगदम्बा पटेल, विधानसभा अध्यक्ष विशेष पटेल, नावेद खान, छात्र नेता अर्पित तिवारी, पवन वर्मा, देवेंद्र बनवारी, प्रियांशु मालवी, सूरज विहारे, हरिकृष्ण उइके, राजेश्वर विश्वकर्मा, मनीष विश्वकर्मा, हर्षित सूर्यवंशी, यश मालवीय, अंशुल वर्मा, कुशाल पाल, आशीष तागड़े, निखिल वर्मा, रोहित साहू, हेमंत वर्दे, राजा माहोरे, गोलू माहोरे, सहित सभी शहर युवक कांग्रेस एवं विधानसभा युवक कांग्रेस युवा साथी उपस्थित रहे।
Share News On