Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

जिला महिला कांग्रेस जिलेभर में चलाएगी सक्रिय सदस्यता अभियान

जिला महिला कांग्रेस जिलेभर में चलाएगी सक्रिय सदस्यता अभियान
छिंदवाड़ा
10-Apr-26
महिला कांग्रेस की ब्लॉक अध्यक्षों की बैठक में संगठनात्मक विषयों पर जोर

छिन्दवाड़ा

जिला महिला कांग्रेस की बैठक राजीव भवन स्थित कांग्रेस कार्यालय में सम्पन्न हुई। आयोजित बैठक में जिलेभर की ब्लॉक अध्यक्षगण उपस्थित रही। जिसमें संगठनात्मक विषयों के साथ ही जिलेभर में चलाए जाने वाले सक्रिय सदस्यता अभियान की रणनीति बनाई गई। आगामी दिनों में ब्लॉक स्तर पर भी बैठकें आयोजित करने पर चर्चाएं की गई।

जिला महिला कांग्रेस की नवनियुक्त जिला अध्यक्ष श्रीमती सरला सिसोदिया श्रीवास्तव ने पद संभालने के उपरांत जिला महिला कांग्रेस की प्रथम बैठक को सम्बोधित किया। उन्होंने सर्वप्रथम जिले के समस्त ब्लॉकों से आईं ब्लॉक अध्यक्षों से परिचयात्मक चर्चा की। कार्ययोजना पर चर्चा करते हुए उन्होंने सर्वप्रथम संगठन को सशक्त करने हेतु मातृशक्ति को संगठन से जोड़ने पर जोर दिया। उन्होंने ब्लॉक अध्यक्षों की जिम्मेदारी तय करते हुए सभी से सक्रिय सदस्यता अभियान चलाने का आग्रह किया। श्रीमती सरला सिसोदिया ने आगे कहा कि सदस्यता अभियान कब से और कैसे प्रारंभ किया जाएगा इसकी पूर्व सूचना समस्त ब्लॉक अध्यक्षों को दी जाएगी साथ ही उन्होंने सदस्यता अभियान को लेकर पूर्व से तैयारी करने का भी उल्लेख किया। समस्त महिला पदाधिकारियों व नेत्रियों से सतत रूप से सम्पर्क में रहने एवं माननीय कमलनाथ जी व माननीय नकुलनाथ व जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्री विश्वनाथ ओकटे द्वारा दी जाने वाली जवाबदारियों व दिशा-निर्देशों का गम्भीरता पूर्वक संगठन की मजबूती हेतु पालन किए जाने का आग्रह किया।

ब्लॉक स्तर पर भी होंगी बैठकें

महिला कांग्रेस की जिला अध्यक्ष श्रीमती सरला सिसोदिया श्रीवास्तव ने आगे कहा कि जल्द ही महिला कांग्रेस की ब्लॉक स्तरीय बैठकें भी आयोजित की जाएगी। बैठक में ब्लॉक स्तर से जुड़े विषयों पर चर्चा की जाएगी साथ ही महिला कांग्रेस की नेत्रियों से भेंट कर संगठनात्मक विषयों पर चर्चा की जाएगी। समय-समय पर समीक्षा बैठक ब्लॉक स्तर पर करें ताकि हमें हमारे द्वारा किए गए कार्यों की समूची जानकारी रहें साथ ही आगामी दिनों में किए जाने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा बनाई जा सके। आयोजित बैठक को जिला महिला कांग्रेस की प्रभारी श्रीमती मंजू बैस व कार्यकारी अध्यक्ष रानू डेहरिया ने भी सम्बोधित करते हुए संगठनात्मक विषयों पर प्रकाश डाला साथ ही महिला नेत्रियों से सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। शहर महिला कांग्रेस अध्यक्ष दीपा यादव व जिले की समस्त ब्लॉक अध्यक्षगण उपस्थित रही।
Share News On