Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

छिंदवाड़ा की धरती पर बनी वेब सीरीज 'सरपंच साहब' ने मचाया धमाल, ओटीटी पर बनी टॉप ट्रेंडिंग

छिंदवाड़ा की धरती पर बनी वेब सीरीज 'सरपंच साहब' ने मचाया धमाल, ओटीटी पर बनी टॉप ट्रेंडिंग
छिंदवाड़ा
17-Jun-25
तामिया, छिंदवाड़ा और पांढुर्णा में हुई है वेब सीरीज की शूटिंग

छिन्दवाड़ा

गांव की राजनीति और सामाजिक संरचना पर आधारित वेब सीरीज 'सरपंच साहब' इन दिनों ओटीटी और सोशल मीडिया पर जबरदस्त तहलका मचा रही है। दर्शकों द्वारा इसे काफी सराहा जा रहा है और यह फिल्म लगातार टॉप ट्रेंडिंग में बनी हुई है। इसकी लोकप्रियता की सबसे बड़ी वजह है इसका साफ-सुथरा और वास्तविक कंटेंट, जो दर्शकों को सीधे जोड़ रहा है।
इस वेब सीरीज की खास बात यह भी है कि इसका फिल्मांकन छिंदवाड़ा जिले के तामिया की पहाड़ियों, गांवों, गलियों और पांढुर्णा क्षेत्र में किया गया है। इस कार्य में टूरिज्म बोर्ड और जिला प्रशासन का भी सहयोग प्राप्त हुआ। इससे न केवल क्षेत्र की खूबसूरती और संस्कृति को राष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत किया गया, बल्कि छिंदवाड़ा जिले को एक नई पहचान भी मिली।
इस वेब सीरीज को निर्देशन दिया है छिंदवाड़ा के ही युवा फिल्म निर्देशक शाहिद खान ने, जो अपने क्षेत्र से निकलकर राष्ट्रीय मंच पर पहचान बना रहे हैं। शाहिद की सोच, निर्देशन और ग्रामीण भारत की गहराई को प्रस्तुत करने की शैली ने इस सीरीज को एक अलग ही मुकाम पर पहुंचा दिया है।

'पंचायत' के बाद अब 'सरपंच साहब' बनी दर्शकों की नई पसंद

‘सरपंच साहब’ वेब सीरीज, चर्चित सीरीज ‘पंचायत’ की तरह ही ग्रामीण भारत की राजनीति, सामाजिक व्यवस्था और बदलाव की जद्दोजहद को बेहद वास्तविक अंदाज में प्रस्तुत करती है। यह वेब सीरीज हाल ही में भारत सरकार के एप ‘वेव्स ओटीटी’ पर 30 अप्रैल 2025 को रिलीज की गई थी। इसके बाद से ही यह लगातार ओटीटी पर टॉप ट्रेंडिंग में बनी हुई है और अब तक 45 दिनों में इसने कई रिकॉर्ड बना डाले हैं।

मायानगरी के समीक्षकों ने की तारीफ, टॉप-5 वेब सीरीज में गिनती

मुंबई फिल्म इंडस्ट्री और समीक्षकों ने भी इस वेब सीरीज की सराहना की है। फिल्म आलोचक इसे अब तक की सबसे बेहतरीन ग्रामीण पृष्ठभूमि पर आधारित वेब सीरीज में से एक मान रहे हैं और टॉप फाइव वेब सीरीज की सूची में शामिल कर चुके हैं। इसकी कहानी, निर्देशन, अभिनय और सादगी भरे प्रस्तुतीकरण ने दर्शकों और समीक्षकों का दिल जीत लिया है।

शानदार कास्टिंग, दमदार अभिनय

इस वेब सीरीज में अभिनय का स्तर भी बेहद उच्च है। कलाकारों की सूची में शामिल हैं —
विनीत कुमार, विजय कुमार पांडे, पंकज झा, सुनीता राजवार, युक्ति कपूर और कई अन्य बेहतरीन अभिनेता। सभी कलाकारों ने अपने-अपने किरदारों में गहराई से उतरकर अभिनय किया है, जिसने पूरी कहानी को जीवंत बना दिया है।

सोनाली सूद का प्रोडक्शन
इस वेब सीरीज को प्रोड्यूस किया है बॉलीवुड अभिनेता सोनू सूद की पत्नी सोनाली सूद ने। उनके प्रोडक्शन की गुणवत्ता, टीम वर्क और कहानी के चयन ने ‘सरपंच साहब’ को एक बेहतरीन मंच प्रदान किया।

सात एपिसोड में सजी है गांव की राजनीति और बदलाव की कहानी

‘सरपंच साहब’ कुल 7 एपिसोड की सीरीज है, जिसमें हर एपिसोड गांव के किसी न किसी राजनीतिक, सामाजिक और नैतिक पहलू को उजागर करता है। यह न केवल मनोरंजन करती है, बल्कि सोचने पर भी मजबूर कर देती है।

छिंदवाड़ा को मिला राष्ट्रीय पहचान का मौका

इस वेब सीरीज की सफलता से छिंदवाड़ा जिले को एक नई राष्ट्रीय पहचान मिली है। यहां की प्राकृतिक सुंदरता, ग्रामीण संस्कृति और स्थानीय प्रतिभाओं को देशभर के दर्शक जान पा रहे हैं। यह सफलता न केवल जिले के युवाओं के लिए प्रेरणास्पद है, बल्कि स्थानीय फिल्म और कला संस्कृति के विकास के लिए भी मील का पत्थर साबित हो सकती है।
Share News On