44 साल बाद एक्सीलेंस में मिले, एक-दूसरे से मिलकर बांटे सुख-दुख
छिंदवाड़ा
17-Jun-25
गर्व्हमेंट स्कूल में 1981 में पढ़े विद्यार्थियों का हुआ सम्मान
छिंदवाड़ा
समय अपनी गति से बीत जाता है और अपने पीछे छोड़ जाता है यादें। कल जब स्कूल जाते थे तो सब जवानी की दहलीज पर खड़े थे और आज 44 साल बाद जब मिले तो बुढ़ापे में जीवन की परिपक्वता के साथ। इस बीच पारिवारिक और व्यवसायिक जिंदगी जीते हुए समय इतना तेजी से गुजरा कि किसी को किसी से मिलने का वक्त ही नहीं मिल पाया। आज जब सभी ने मिलने का निश्चय किया तो मिलकर ऐसा लगा जैसे बचपन लौट आया।
जी हां हम बात कर रहे हैं गर्व्हमेंट स् कूल यानि तत्कालीन शासकीय आदर्श बहुउद्देशीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जो वर्तमान में उत्कृष्ट विद्यालय के नाम से जाना जाता है, में पढ़ाई करने वाले 1981 बैच के विद्यार्थियों की। इस बैच के विद्यार्थियों ने स्थानीय सत्कार होटल में मिलन समारोह का आयोजन किया था जिसमें इसी बैच में विद्यार्थी रहे सत्कार होटल के मालिक मीनू सिंघई भी शामिल थे। सत्कार होटल में आयोजित इस मिलन समारोह में सभी अपने शिक्षक श्री सालोटकर और श्री वाजपेयी का शाल और श्रीफल से सम्मान किया। कार्यक्रम में शिक्षकों और आयोजकों ने जीवन के सुख-दुख और अनुभव बांटे। सत्कार होटल से सभी विद्यार्थी एक सी ड्रेस में रैली के रूप में एक्सीलेंस स्कूल की अपनी कक्षा में पहुंचे जहां उनकी क्लास भी लगी और जीवन की पाठशाला की पढ़ाई हुई। फिर से मिलने का होमवर्क लेकर सभी ने विदाई ली।