कलेक्टर श्री नारायन ने ली जिला सहकारी विकास समिति की बैठक
छिंदवाड़ा
14-Oct-26
छिन्दवाडा अपडेट

कलेक्टर हरेंद्र नारायन की अध्यक्षता में आज कलेक्टर कार्यालय के मिनी सभाकक्ष में जिला सहकारी विकास समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में अपर कलेक्टर धीरेन्द्र सिंह, उप संचालक कृषि मोरिस नाथ, जिला विकास प्रबंधक नाबार्ड श्रीमती श्वेता सिंह, महाप्रबंधक जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक राजेश रेकवार, उप आयुक्त सहकारिता छिंदवाड़ा एन.डी. कटरे एवं समिति के अन्य सदस्य उपस्थित थे। बैठक में सर्वप्रथम जिला सहकारी विकास समिति की भूमिकाएँ एवं जिम्मेदारियों पर चर्चा हुई, तत्पश्चात सहकारिता में सहकार अभियान के तहत केन्द्र एवं राज्य शासन के निर्देशों पर चल रही विभिन्न गतिविधियों एवं क्रियाकलापों पर चर्चा की गई और समिति सदस्यों से सुझाव लिये गये।
ग्रामीण क्षेत्रों की समितियों के खाते खुलवाएं
कलेक्टर श्री नारायन ने मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित छिंदवाड़ा को निर्देश दिये कि ष्सहकारिता में सहकारष् अभियान अंतर्गत दुग्ध एवं मत्स्य समितियों एवं सदस्यों तथा अन्य सहकारी समितियों के खाते जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक की शाखाओं में खोलने एवं संचालित करने के लिए सभी शाखा प्रबंधकों को निर्देशित करें। उन्होंने उप आयुक्त सहकारिता को निर्देश दिये कि जिले की पंजीकृत दुग्ध एवं मत्स्य सहकारी समितियों तथा अन्य सहकारी समितियों के अध्यक्षों से व्यक्तिगत चर्चा कर उनके संस्थाओं के पंजीकृत सदस्यों के खाते, जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक की शाखाओं मे खुलवाएं।
बी-पैक्स सचंालन के लिए भवन बनाने दिए निर्देश
नव पुनर्गठित बी-पैक्स के कार्य संचालन के लिए शासकीय भवन की व्यवस्था करने एवं शासकीय भूमि आवंटन संबंधी विषय पर भी चर्चा की गई। उप आयुक्त सहकारिता ने बताया कि जिले की 38 नव गठित बी-पैक्स में कार्य संचालन के लिए भवन निर्माण एवं गोदाम के लिए शासकीय भूमि आवंटन के लिए कार्यालय उप आयुक्त सहकारिता से 11 बी-पैक्स के प्रस्ताव कार्यालय कलेक्टर की ओर प्रेषित किए गए हैं, तत्संबंध में कलेक्टर श्री नारायन ने तत्काल रीडर से संपर्क कर उक्त नव पुनर्गठित बी-पैक्स के भूमि आवंटन के प्रस्ताव प्राप्त कर उन्हें राजस्व विभाग से भूमि आवंटन किए जाने के निर्देश दिए हैं।
जिले की बी-पैक्स सहकारी समितियों में अधिक से अधिक कृषकों को सदस्य बनाने के लिए जिले को आवंटित लक्ष्य संख्या 33500 को सदस्य बनाने के लिए चिन्हित किए गए 23452 गैर सदस्यों से संपर्क कर उन्हें सदस्य बनाने के लिए मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित छिंदवाड़ा को निर्देशित किया। उन्होंने निर्देश दिए कि जिले की बी-पैक्स समितियों के समिति प्रबंधकों को अधिक से अधिक कृषक सदस्य बनाऐ जाने हेतु निर्देश जारी करें और कार्य में प्रगति लाएं।