Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

आदिवासियों पर हो रहे अत्याचार का देंगे मुंहतोड़ जवाब

आदिवासियों पर हो रहे अत्याचार का देंगे मुंहतोड़ जवाब
छिंदवाड़ा
24-Jun-25
रानी दुर्गावती के बलिदान दिवस पर आदिवासी संगठनों ने भरी हुंकार

छिन्दवाड़ा

आदिवासियों पर हो रहे अत्याचार को लेकर मंगवार को आदिवासी संगठनों ने हुंकार भरी। समय था रानी दुर्गावती बलिदान दिवस का। बलिदान दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में आदिवासी समाज ने संकल्प लिया कि छिन्दवाड़ा संसदीय क्षेत्र में जितनी भी जमीन आदिवासी समाज की सामान्य वर्ग को बेची गई है उसके खिलाफ बड़ा आंदोलन किया जाएगा। आदिवासियों की जमीनों को नियम विरुद्ध गैर आदिवासियों को बेचा जा रहा है जिसके विरोध में आदिवासी समाज अविलम्ब कलेक्ट्रेट का घेराव करेगा। आदिवासियों के हक व अधिकार की लड़ाई कांग्रेस आदिवासी प्रकोष्ठ एकजुट होकर लड़ेगी ताकि आदिवासी समाज का हक व अधिकार पूरी तरह से सुरक्षित रहें, क्योंकि वर्तमान में आदिवासियों पर सर्वाधिक हमले हो रहे हैं जिसके लिए सरकार जिम्मेदार है।

आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विश्वनाथ ओकटे ने कहा कि रानी दुर्गावती ने मुगल शासकों से मुकाबला किया और मातृभूमि की रक्षा के लिए अपना सम्पूर्ण न्योछावर कर दिया। भाजपा की सरकार में आदिवासियों पर हो रहे अत्याचार, अनाचार व दुराचार का जवाब महारानी दुर्गावती जी की भाषा में देने का समय आ चुका है।

पांढुर्ना जिला प्रभारी श्री गंगाप्रसाद तिवारी ने सम्बोधित करते हुए कहा कि वीरांगना रानी दुर्गावती की तरह ना डरना है ना ही झुकना है, उन्होंने अपना सम्पूर्ण जीवन साहस और संघर्ष के साथ जिया। आदिवासी समाज व देशहित में अपने प्राणों को न्योछावर करने वाली वीरांगना से संघर्ष सीखने की आवश्यकता है।

कांग्रेस आदिवासी प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष श्री रामनारायण परतेती ने कहा कि कानून की धज्जियां उड़ाकर बेखौफ आदिवासियों की जमीनों को गैर आदिवासियों में बेची जा रही है। उन्होंने आयोजित कार्यक्रम के मंच से चेतावनी देते हुए कहा कि इस पर जल्द रोक नहीं लगाई गई तो निकट भविष्य में उग्र आंदोलन होगा जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी शासन व प्रशासन की होगी। कार्यक्रम में आभार प्रदर्शन धीरनशाह इनवाती ने किया। आयोजित कार्यक्रम में अशोक उइके, शिवकुमार सिरसाम, संजय परतेती, दशरथ उइके, स्नेह सरयाम, रेखा उइके, सरला सलामे, संजू उइके, संतोष भारती, जुगराज पन्द्राम, सतीश धुर्वे, अरूणा तिलन्ते, परमसुख बट्‌टी, झबूलाल परतेती, प्रहलाद उइके, धनपत उइके, भरत मसराम, दुर्गेश उइके, दिलीप परतेती, पप्पू यादव, सुरेश कपाले व फिरोज खान सहित परिवार के सभी विभाग, जिला कांग्रेस महिला कांग्रेस, शहर कांग्रेस, कांग्रेस सेवादल, कांग्रेस एसी, एसटी विभाग, युवक कांग्रेस, एनएसयूआई, किसान कांग्रेस, कांग्रेस झुग्गी झोपड़ी प्रकोष्ठ सहित कांग्रेस के सभी अनुसांगिक संगठनों के पदाधिकारी व कार्यकर्तागण उपस्थित रहे।

एन.एस.यू.आई. ने मनाया रानी दुर्गावती का बलिदान दिवस

जिला एन.एस.यू.आई. आदिवासी प्रकोष्ठ अध्यक्ष अविनाश काकोड़िया सहित संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं  ने गोंडवाना साम्राज्य की वीरांगना रानी दुर्गावती के 461 वॉ बलिदान दिवस पर स्थानीय रानी दुुर्गावती चौक पर एकत्रित होकर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर भावपूर्ण श्रद्धांजली दी। रानी दुर्गावती का जीवन साहस, संघर्ष और न्याय प्रतीक रहा है ।  इस अवसर पर एन.एस.यू.आई. जिलाध्यक्ष अजय सिंह ठाकुर, समर्थ मैद, अविनाश काकोड़िया, सत्येन्द्र अहरवार, मोनू लाड़े, परसराम ठाकुर, पंकज चन्द्रवंशी, पवन उइके, जयदीप धुर्वे, करण धारे, आकाश ठाकुर, हिमांशु कुमरे, राजा सल्लाम सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे ।
Share News On