Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

छिंदवाड़ा में भक्तों का हाल लेने निकलेंगे जगन्नाथ प्रभु

छिंदवाड़ा में भक्तों का हाल लेने निकलेंगे जगन्नाथ प्रभु
छिंदवाड़ा
24-Jun-25
25 से 27 जून तक तीन दिन चलेगा महोत्सव 

छिंदवाड़ा 

हर वर्ष की तरह आषाढ महीने के शुक्ल पक्ष की द्वितीया पर निकलने वाली भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा का भव्य आयोजन इस वर्ष भी किया जाएगा।  जगन्नाथ यात्रा के अवसर पर तीन दिनी उत्सव बुधवार 25 जून से शुरू हो रहा है। 27 जून को छोटी बाजार से भक्त वत्सल भगवान श्री जगन्नाथ जी अपने अग्रज भगवान श्री बलभद्र जी और अपनी लाड़ली अनुजा भगवती श्री सुभद्रा जी के साथ अपने परम प्रिय भक्तों को दर्शन देने नगर भ्रमण पर निकलेंगे। विभिन्न मार्गों से होते हुए यात्रा लक्ष्मीनारायण मंदिर पहुंचेंगी। यहाँ से वर्धमान सिटी स्थित जगन्नाथ धाम में शाम से देर रात तक विभिन्न संस्कार संपन्न किए जाएंगे।

ध्यान रहे छोटा बाजार में दुबे परिवार कई वर्षों से यह आयोजन कर रहे हें। इस बार  जिले के लोकनर्तकों का दल भी रथ यात्रा में शामिल होगा। सभी जगन्नाथ भक्तों से इस धार्मिक आयोजन में शामिल होने का आग्रह किया गया है। 

25 जून 2025 नवयौवन उत्सव
जगन्नाथ उपासक पं.स्पंदन आनंद दुबे ने बताया कि स्नान यात्रा के बाद अस्वस्थ होने पर महाप्रभु जगन्नाथ जी,भगवान बलभद्र और माता सुभद्रा जी के विश्राम के बाद दर्शन देते हैं। इसी उत्सव को नवयौवन उत्सव कहा जाता है।इस दिन भी भगवान की आराधना के साथ द्वितिया तिथि पर होने वाली विशेष पूजन के कार्यक्रम शुरू होंगे।
 
26 जून नेत्रो उत्सव
नेत्रोत्सव महाप्रभु के पुनर्जागृति का उत्सव है इस दिन महाप्रभु अपने दिव्य नेत्रों को खोलते है, भक्तों को दर्शन प्रदान करते है एवम भक्तों के दर्शन प्राप्त करते है। इस दिन महाप्रभु का आड़प वेश सेवा होती है जिसमें महापभु के मुखमंडल का श्रृंगार किया जाता है नेत्रोउत्सव में महाप्रभु के मंगला आरती एवम सांध्य आरती के श्रृंगार दर्शन प्राप्त होते है।

27 को भक्तों को देंगे दर्शन
 आषाढ़ मास के शुक्ल पक्ष की द्वितीया अर्थात 27 जून को विविध अनुष्ठानों के बाद भगवान भक्तों कोदर्शन देने नगर भ्रमण करेंगे। 
 श्री जगन्नाथ आराधना स्थली 5 नाट्य गंगा, पुराना पावर हाउस, छोटी बाजार में रात्रि ढाई बजे से छड़ी पूजा के साथ धार्मिक संस्कार शुरू होंगे। सुबह ब्रह्म मुहर्त में स्नान और आरती के बाद धार्मिक पाठ शुरू होंगे। जगन्नाथ पुरी मंदिर की तर्ज पर ही यहां दोपहर तक धार्मिक संस्कारों के बाद साढ़े बारह बजे रथ पर प्रतिष्ठा का कार्यक्रम शुरू होंगा। इसके बाद चेरा पहारा के साथ रथ पर विराजमान करके प्रभु की यात्रा शुरू होगी। दोपहर एक बजे जगन्नाथ आराधना स्थली विजय आनंद दुबे के निवास पुराना पावर हाउस,छोटा बाजार से रथयात्रा प्रारम्भ होगी। लक्ष्मीनारायण मंदिर में पहुंचने और कुछ देर विश्राम के बाद शाम 4.30 बजे  बजे विशेष वाहन द्वारा भगवान वर्धमान सिटी के लिए प्रस्थान करेंगे यहां आगे की पूजा संपन्न कराई जाएगी। संध्या दर्शन के बाद भगवान की महाआरती होगी और उन्हें छप्पन भोग अर्पित किए जाएंगे।
Share News On