Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

वॉश ऑन व्हील्स नवाचार पहुंचा फिक्की अवॉर्ड की फाइनल सूची में

वॉश ऑन व्हील्स नवाचार पहुंचा फिक्की अवॉर्ड की फाइनल सूची में
छिंदवाड़ा
04-Aug-25
दो श्रेणियों में हुआ चयन, जिला पंचायत सीईओ ने दिया ऑनलाइन प्रेजेंटेशन

छिंदवाड़ा 

जिले के स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) अंतर्गत संचालित नवाचार वॉश ऑन व्हील्स सेवा को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिल रही है। इस पहल को फिक्की द्वारा आयोजित इंडिया सैनिटेशन कोएलिशन अवॉर्ड में दो श्रेणियों में फाइनल प्रेजेंटेशन के लिए चयनित किया गया है। यह छिंदवाड़ा के लिए एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। कैटिगरी 2 एक्सीलेंस इन सस्टेनेबल मेंटेनेंस एंड कम्युनिटी मैनेजमेंट ऑफ वॉश सिस्टम्स और कैटिगरी 7 में बेस्ट स्किलिंग इनिशिएटिव इन वॉश इन दोनों श्रेणियों में छिंदवाड़ा जिले के वॉश ऑन व्हील्स नवाचार का चयन हुआ है। कैटिगरी-2 के लिए प्रस्तुति 1 अगस्त को एवं कैटिगरी-7 के लिए 2 अगस्त को वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से दी गई। फाइनल चयन पैनल के समक्ष जिला पंचायत सीईओ अग्रिम कुमार द्वारा स्वयं यह प्रेजेंटेशन दिया गया।


गौरतलब है कि यह सेवा जिले में स्वच्छता साथियों के माध्यम से संचालित की जा रही है, जिसमें शौचालय सफाई हेतु डिजिटल तकनीक (क्यूआर कोड स्कैन सुविधा), समुदाय भागीदारी एवं नियमित निगरानी जैसे पहलुओं को शामिल किया गया है। इसका संचालन पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, डीएफ $ और जिला पंचायत छिंदवाड़ा के संयुक्त प्रयास से किया जा रहा है। इस अवसर पर स्वच्छ भारत अभियान (ग्रामीण) के जिला परियोजना अधिकारी सुधीर कृषक भी उपस्थित रहे। उन्होंने बताया कि इस नवाचार को सफलतापूर्वक क्रियान्वित करने में सभी जनपदों के ब्लॉक समन्वयकों एवं स्वच्छता साथियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

     जिले के इस नवाचार को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलने के पीछे कलेक्टर शीलेन्द्र सिंह का सतत मार्गदर्शन एवं सीईओ जिला पंचायत अग्रिम कुमार का कुशल नेतृत्व हैं, उनके निर्देशन में स्वच्छता को लेकर नए प्रयोग और तकनीक आधारित समाधान को बढ़ावा मिल रहा है, जिससे छिंदवाड़ा स्वच्छता के क्षेत्र में निरंतर अग्रणी बनता जा रहा है। जहाँ सोच, वहाँ स्वच्छ शौचालय इसी सोच के साथ वॉश ऑन व्हील्स सेवा छिंदवाड़ा की एक प्रेरक मिसाल बन चुकी है।
Share News On