वोट चोरी नहीं हुए हैं, चोरों को वोट मिलना बंद हो गए हैं: जयपाल सिंह चावड़ा
राजनीति
03-Nov-26
भाजपा जिला कार्यालय में वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं में संवाद

छिंदवाड़ा अपडेट
भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय में अपेक्स बैंक अध्यक्ष महेंद्र सिंह यादव एवं भाजपा किसान मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष जयपाल सिंह चावड़ा ने भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव के साथ वरिष्ठ नेताओं, पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर संगठनात्मक गतिविधियों, सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों को लेकर चर्चा की। इस अवसर पर दोनों नेताओं ने कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए संगठन की मजबूती और सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
अपेक्स बैंक अध्यक्ष महेंद्र सिंह यादव ने संगठन की भूमिका पर चर्चा करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सबसे बड़ी ताकत उसका समर्पित कार्यकर्ता है। संगठन की मजबूती कार्यकर्ताओं के परिश्रम, अनुशासन और जनता के बीच निरंतर सक्रियता से बनी है। केंद्र एवं प्रदेश सरकार की योजनाओं को बूथ स्तर तक पहुंचाना, पात्र हितग्राहियों को उनका लाभ दिलाना और आमजन की समस्याओं के समाधान में सक्रिय भूमिका निभाना प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि किसान भारतीय अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। देश की आर्थिक प्रगति और समृद्धि में किसानों का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है। भाजपा सरकार किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने, कृषि उत्पादन बढ़ाने, सिंचाई सुविधाओं का विस्तार करने और कृषि को लाभकारी बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में किसानों के हितों को प्राथमिकता देते हुए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि किसान मोर्चा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता गांव-गांव एवं खेत-खेत तक पहुंचकर किसानों को सरकार की योजनाओं की जानकारी दें तथा उनकी समस्याओं को समझकर संगठन और सरकार के समक्ष रखें। किसानों का सशक्तिकरण ही देश की समृद्धि का आधार है।
किसान मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष जयपाल सिंह चावड़ा ने अपने संबोधन में विपक्ष द्वारा लगातार लगाए जा रहे वोट चोरी के आरोपों पर कहा कि वोट चोरी नहीं हुए हैं, बल्कि चोरों को वोट मिलना बंद हो गए हैं। कांग्रेस अपनी लगातार चुनावी हार और जनता के बीच घटते जनाधार की वास्तविकता को स्वीकार करने के बजाय कभी चुनाव आयोग पर सवाल उठाती है तो कभी लोकतांत्रिक व्यवस्था पर आरोप लगाती है। जनता ने बार-बार अपने मताधिकार का उपयोग कर भाजपा के पक्ष में विश्वास व्यक्त किया है, लेकिन कांग्रेस जनादेश को स्वीकार करने के बजाय वोट चोरी का शोर मचाकर अपनी राजनीतिक विफलताओं को छिपाने का प्रयास कर रही है।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता सर्वाेपरि है और जनता का फैसला ही अंतिम होता है। जब जनता किसी राजनीतिक दल को नकार देती है तो उस दल को अपनी नीतियों, नेतृत्व और कार्यशैली पर आत्ममंथन करना चाहिए। चुनाव में हार का ठीकरा दूसरों पर फोड़ने से राजनीतिक सच्चाई नहीं बदलती। कांग्रेस को समझना होगा कि जनता अब खोखले आरोपों और राजनीतिक भ्रमजाल में आने वाली नहीं है। भाजपा सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों, विकास कार्यों और जनहित के फैसलों के कारण जनता का विश्वास लगातार भाजपा के प्रति मजबूत हुआ है।
भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव ने दोनों अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि छिंदवाड़ा जिले में भाजपा संगठन पूरी सक्रियता, एकजुटता और समर्पण के साथ कार्य कर रहा है। प्रदेश एवं संगठन के वरिष्ठ नेताओं का मार्गदर्शन कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार करता है। उन्होंने कहा कि जिले का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की मजबूती, बूथ स्तर पर जनसंपर्क और केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। भाजपा का संगठन केवल राजनीतिक गतिविधियों तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं के समाधान और जनसेवा के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।
बैठक में किसान मोर्चा प्रदेश महामंत्री कप्तान सिंह, भाजपा किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष शैलेन्द्र रघुवंशी, भाजपा जिला महामंत्री विजय पांडे, कमलेश उइके, किसान मोर्चा प्रदेश कोषाध्यक्ष संदीप रघुवंशी, पूर्व विधायक चौधरी चन्द्रभान सिंह, पंडित रमेश दुबे, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष रमेश पोफली, जिला उपाध्यक्ष अजय सक्सेना, राजू नंदवंशी, लखन वर्मा, आशीष ठाकुर, ठाकुर दानसिंह, संजय पटेल, सत्यनारायण चौरिया, दिन्शु यादव सहित भाजपा जिला पदाधिकारी, किसान मोर्चों के पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष तथा बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।