बलराम कृषि महोत्सव में किसान को मिला 7 लाख से अधिक का पुरस्कार
कृषि जगत
03-Nov-26
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने वर्चुअली जुड़कर दिया संबोधन

छिन्दवाडा अपडेट
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भगवान बलराम, भारत माता और धरती पुत्र किसानों के जयघोष के साथ छिंदवाड़ा जिले के सभी किसानों का आत्मीय अभिनन्दन करते हुए कहा कि छिंदवाड़ा जिला तेज गति से विकास करने वाले जिलों में शामिल है। कृषि और उद्यानिकी फसलों की दृष्टि से छिंदवाड़ा जिला प्रदेश के प्रमुख जिलों में अपना विशिष्ट स्थान रखता है। यहां का मक्का बहुत प्रसिद्ध है और जिला मक्का उत्पादन में देश में प्रथम स्थान पर है। हमारी सरकार किसानों की आय बढ़ाने के लिए लगातार काम कर रही है। वर्ष 2026 को कृषक कल्याण वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। किसानों को सिंचाई के लिये 10 घंटे बिजली दी जा रही है, सिंचाई के संसाधन बढ़ाये जा रहे हैं, दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि इसी के तहत प्रदेश में पहली बार हमारे किसान भाइयों - बहनों का उत्साह बढ़ाने के लिए प्रदेश के सभी जिलों में बलराम कृषि महोत्सव मनाया जा रहा है। जिसके माध्यम से किसानों को उन्नत कृषि तकनीकों, प्राकृतिक खेती, फसल विविधीकरण, कृषि यंत्रीकरण, उद्यानिकी विकास, पशुपालन, मत्स्यपालन सहित कृषि आधारित उद्योगों की स्थापना के लिए मार्गदर्शन दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव मंगलवार को छिंदवाड़ा की कृषि उपज मंडी कुसमैली के प्रांगण में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव में मंत्रालय से वर्चुअली जुड़कर जिले के किसानों को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने जिले के प्रगतिशील कृषकों, कृषक कल्याण स्वाभिमान पर्व कृषि क्विज 2026 और वृंदावन ग्रामों में आयोजित गोपाल कृष्ण ग्राम पुरुस्कार प्रतियोगिता के विजेता प्रतिभागियों से भी सीधा संवाद किया और उन्हें बधाई दी। कार्यक्रम में कृषि एवं सह संबद्ध विभागों की योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ का वितरण भी किया गया। कृषक परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित भी किया। उन्होंने जिले के जनप्रतिनिधियों, नागरिकों और कृषकों को मक्के के अच्छे दामों के लिए बधाई दी एवं धनतेरस और दीपावली पर्व की अग्रिम शुभकामनाएं दीं।
अपनी मेहनत से छिंदवाड़ा के किसानों ने बनाई अलग पहचान
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि छिंदवाड़ा की धरती, जनजातीय भाई - बहनों के परिश्रम और उनकी समृद्ध परंपराओं से सिंचित है। यहां के मेहनती किसानों ने खेती के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है। श्री अन्न और फूलों की खेती में भी छिंदवाड़ा अलग स्थान रखता है, यहां के संतरे को जीआई टैग से बड़ी पहचान मिली है। छिंदवाड़ा को प्रदेश की कॉर्न सिटी कहा जाता है, यहां का स्वीट कॉर्न देशभर में मशहूर है । हम छिंदवाड़ा के मक्का उत्पादक किसानों को बेहतर सुविधाएं देने और उनकी उपज के लिए नये बाजार तैयार कर रहे हैं। राज्य सरकार का प्रयास है कि यहां के मक्के की गुणवत्ता और स्वाद को देश - दुनिया के बाजारों तक भी पहुंचाया जाए। राज्य सरकार छिंदवाड़ा के किसानों को बेहतर भंडारण, प्रोसेसिंग यूनिट और राष्ट्रीय स्तर के बाजार उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
खेती के साथ ही उद्यानिकी को भी बढ़ावा दिया जा रहा है
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने के लिए खेती के साथ ही उद्यानिकी को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। खेती की तरक्की के लिए पानी की उपलब्धता बहुत जरूरी है, छिंदवाड़ा सिंचाई कॉम्पलेक्स परियोजना इसी दिशा में एक बड़ा कदम है। इस परियोजना के पूर्ण होने पर जिले की सिंचाई क्षमता 29 प्रतिशत से बढ़कर 54 प्रतिशत हो जाएगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि किसान अपनी उपज का प्रसंस्करण स्वयं करें और उन्हें इसका बेहतर मूल्य मिले। इसी उद्देश्य से प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना (पीएमएफएमई) के माध्यम से सुविधा दी जा रही हैं। छिंदवाड़ा जिले के 122 हितग्राही इस योजना से लाभान्वित हुए हैं।
उन्नतिशील कृषकों से संवाद कर उनका उत्साह बढ़ाया
मुख्यमंत्री डॉ यादव ने बलराम कृषि महोत्सव छिंदवाड़ा में मौजूद प्रगतिशील किसान पूरनलाल इनवाती से प्राकृतिक और समन्वित खेती, प्रवेश रघुवंशी से कृषि यंत्रीकरण के माध्यम से नरवाई प्रबंधन, श्रीमती सुषमा शर्मा से देसी गाय पालन, गुरु प्रसाद पवार से आलू और स्वीट कॉर्न के क्षेत्र में उनके द्वारा संचालित गतिविधियों के संबंध में वर्चुअली संवाद किया। उन्होंने किसानों द्वारा किए जा रहे नवाचारों की पूरी जानकारी प्राप्त की और उनके प्रयासों की सराहना करते हुए उत्साह बढ़ाया।
विजेता कृषकों से संवाद किया और बधाई दी
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बलराम कृषि महोत्सव के दौरान किसान कल्याण स्वाभिमान पर्व कृषि क्विज 2026 के प्रथम, द्वितीय और तृतीय विजेता किसानों से भी संवाद किया और उन्हें बधाई दी। इस क्विज में बुजुर्ग कृषक श्रीमती चंद्रा चंद्रवंशी को प्रथम पुरुस्कार के अंतर्गत ट्रैक्टर के लिए रूपए 7.26 लाख, सुश्री पूजा साहू को द्वितीय पुरस्कार के अंतर्गत बुलेट के लिए रूपए 1.68 लाख और मनोज चन्द्रवंशी को तृतीय पुरस्कार के अंतर्गत ई - स्कूटी के किए रूपए 1.20 लाख की राशि शासन द्वारा दी गई है। मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने जिले के वृंदावन ग्रामों के पशुपालकों के लिए आयोजित गोपाल - कृषि ग्राम पुरुस्कार योजना के तहत आयोजित प्रतियोगिता के सभी विजेता पशुपालकों से भी संवाद किया और बधाई दी।
किसान परिवारों के मेधावी विद्यार्थी हुए सम्मानित
बलराम कृषि महोत्सव में कक्षा 10 वीं में मेरिट में आने वाले कृषक परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया। पहल शर्मा, चंचल जम्बोलकर, तृषा पहाड़े, प्रतिज्ञा मालवीय और प्रतीक सोनी को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कृषि वैज्ञानिकों एवं विषय विशेषज्ञों ने दी आधुनिक कृषि पद्धतियों की जानकारी
बलराम कृषि महोत्सव में किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों , उन्नत फसल उत्पादन और कृषि से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों की जानकारी देने के लिए कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों एवं विभिन्न विषयों के विशेषज्ञों ने मार्गदर्शन दिया। विभागीय योजनाओं एवं कार्यक्रमों पर आधारित प्रदर्शनी स्टॉलों के माध्यम से किसानों को कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, मत्स्य पालन सहित अन्य विभागों की किसान हितैषी योजनाओं, पात्रता, लाभ एवं आवेदन प्रक्रिया की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम को मप्र राज्य सहकारी बैंक (अपैक्स बैंक) के प्रशासक महेंद्र सिंह यादव, सांसद विवेक बंटी साहू, जयपाल सिंह चावड़ा, अमरवाड़ा विधायक कमलेश प्रताप शाह, शेषराव यादव, कप्तान यादव ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में कपिल यार्दे, शेषराव यादव, कप्तान यादव, पूर्व मंत्री चौधरी चंद्रभान सिंह, पूर्व विधायक पं. रमेश दुबे, बलराम महोत्सव के जिला प्रभारी राजेश पवार, अजय सक्सेना, मेर सिंह चौधरी, संदीप रघुवंशी, शैलेन्द्र रघुवंशी, संजय पटेल, रमेश पोफली, टीकाराम चन्द्रवंशी, संजय सक्सेना, प्रदीप राय, लखन वर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि और कलेक्टर हरेंद्र नारायन व उपसंचालक कृषि मोरिस नाथ सहित उद्यानिकी, पशुपालन, आजीविका मिशन, उद्योग, मत्स्यपालन सहित कृषि सम्बन्धित सभी विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में जिले के किसान मौजूद थे।