नहीं रहे रामलीला मंच के समर्पित कलाकार विनोद विश्वकर्मा
छिंदवाड़ा
12-Feb-26
छोटी बाजार क्षेत्र दुख में डूबा, शहर में भी गम का माहौल
छिंदवाड़ा
श्री रामलीला मंडल छोटीबाजार के वरिष्ठ सदस्य व कलाकार विनोद विश्वकर्मा (पोस्ट मास्टर, मुख्य डाकघर छिंदवाड़ा) का हृदयाघात से अचानक नागपुर में दुखद निधन हो गया। वे बचपन से ही रामलीला मंच से जुड़ गए थे। लगभग 50 वर्षों तक उन्होंने विभिन्न पात्रों की यादगार भूमिकाएं छोटी बाजार की राम लीला में निभाया जिसमें मेघनाद व रावण की जबरदस्त भूमिका विशेष रूप से उल्लेखनीय रही। अभी हाल ही में 13 दिसंबर 2025 को अयोध्या के रामलीला मंचन में भी रावण की अत्यंत प्रभावशाली व अविस्मरणीय भूमिका निभाई थी।
अस्वस्थ्य रहने के बाद भी डटे रहते थे रंगमंच पर
श्री विनोद विश्वकर्मा बरसों तक रामलीला के मुख्य निर्देशक भी रहे। एक बार दुर्घटना में पैर टूटने और विगत कुछ वर्षों से स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतों के बावजूद रामलीला के प्रति उनके समर्पण में कभी कमी नहीं आई। वे सदैव सक्रिय और समर्पित रहे। बैतूल में पोस्ट मास्टर के रूप में पदस्थापना के समय भी एक माह का अवकाश लेकर छिंदवाड़ा की अपनी रामलीला में सक्रिय योगदान देने अवश्य आते थे।
याद रहेगा सरल और विनोदी स्वभाव
पोस्ट मास्टर के पद पर पहुंचने के बाद भी उनके सरल, सहज, सहयोगी और मिलनसार व्यक्तित्व में कभी कोई परिवर्तन नहीं आया। अपनी उत्कृष्ट भूमिकाओं और सौम्य स्वभाव के कारण वे सदैव छिंदवाड़ावासियों के हृदयों में जीवित रहेंगे। रामलीला मंडल के वरिष्ठ सदस्यों के अनुसार उन्हांेने अपना एक बहुमूल्य नगीना खो दिया है। उनके अचानक निधन से समस्त रामलीला परिवार गहरे सदमे में है। पूरे छोटी बाजार क्षेत्र में गमगीन माहौल है। उनके निधन की खबर आते ही शहरवासी भी स्तब्ध रह गए।
सांसद बंटी विवेक साहू और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने व्यक्त की संवेदनाएं
जिले के सांसद बंटी विवेक साहू ने श्री विनोद विश्वकर्मा के निधन पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि उनका अचानक जाना छिंदवाड़ा के लिए अपूर्णीय क्षति है खासकर रामलीला के दौरान वे हमेशा याद आएंगे। सोशल मीडिया पर अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि ईश्वर दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देकर सद्गति प्रदान करे तथा शोक संतप्त परिजनों, रामलीला परिवार व समस्त मित्रगणों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करे।