शहपुरा के शिवधाम में ग्रामीणों ने निकाली हरियाली यात्रा
छिंदवाड़ा
16-Aug-26
छिंदवाड़ा

पर्यावरण संरक्षण एवं हरियाली के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति शहपुरा द्वारा शिवधाम परिसर से मुख्य मार्ग तक “नवांकुर सखी हरियाली यात्रा” का आयोजन किया गया। यात्रा में बड़ी संख्या में नवांकुर सखी एवं ग्रामीण महिलाओं ने सहभागिता की। इस अवसर पर सभी महिलाओं को पौधे भेंट कर उनके संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प दिलाया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ शिव अभिषेक ,कलश पूजन एवं वृक्ष पूजन के साथ किया गया। महिलाओं ने कलश लेकर हरियाली यात्रा में सहभागिता की और ग्रामीणों को पर्यावरण संरक्षण, पौधारोपण तथा प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का संदेश दिया, वही मंदिर परिसर में एक पेड़ मां के नाम पौधारोपण भी किया गया। सेवा संकल्प वेलफेयर सोसाइटी ने नवांकुर सखी अभियान के माध्यम से महिलाओं की सहभागिता को पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। कार्यक्रम में ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति शहपुरा के अध्यक्ष धनाराम माहोरे, कुहिया के अध्यक्ष गजेंद्र विश्वकर्मा, समाजसेवी जितेश डेहरिया, मनोज पाल, शेरू चौरसिया, पीयूष माहोरे, सहित समिति के सदस्य, नवांकुर सखियां एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।