29 अक्टूबर को जलाराम जयंती पर होंगे विभिन्न आयोजन
छिंदवाड़ा
27-Oct-25
छिंदवाड़ा
गुजरात के प्रसिद्ध संत जलाराम बापा की जयंती 29 अक्टूबर को गुजराती समाज भवन में विभिन्न आयोजनों के साथ भव्य रूप से मनाई जाएगी। भगवान श्रीराम के परम भक्त संत शिरोमणि जलाराम बापा का जन्म 4 नवंबर 1799 कार्तिक माह की सप्तमी को विक्रम संवत 1856 में गुजरात के वीरपुर नामक स्थान में हुआ था तथा उनका देवलोक गमन 23 फरवरी 1881 विक्रम संवत 1937 को हुई थी।

बापा जलाराम जीवन पर्यंत दीन दुखियों की सेवा करते रहे और उन्होंने वीरपुर में सदा व्रत चालू किया जो आज भी निरंतर चालू है वीरपुर में जलाराम बाप के मंदिर में प्रतिदिन हजारों भक्त भोजन प्रसादी लेकर ही वहां से वापस होते हैं। वीरपुर मंदिर की विशेषता यह है कि वहां पर किसी भी प्रकार का दान या चढ़ावा नहीं लिया जाता।
दुनिया भर में जलाराम बापा के अनुयायी कार्तिक माह की सप्तमी को जलाराम जयंती के अवसर पर भिक्षुक भोज का आयोजन करते हैं। छिंदवाड़ा के गुजराती समाज भवन में भी 29 अक्टूबर को प्रातः 9:00 बजे स्थापना और दोपहर 12:00 बजे से 3:00 तक भंडारा एवं समाज जनों की महाप्रसादी का कार्यक्रम रहेगा जिसमें जनसाधारण लोगों को भी भोजन कराया जाता है।