Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

केंद्रीय गृह मंत्री शाह करेंगे छिंदवाड़ा के वीर सपूत को वीरता पदक से सम्मानित

केंद्रीय गृह मंत्री शाह करेंगे छिंदवाड़ा के वीर सपूत को वीरता पदक से सम्मानित
छिंदवाड़ा
18-Feb-26
छिन्दवाडा

यह समस्त छिंदवाड़ा वासियों के लिए अत्यंत गौरव एवं हर्ष का विषय है कि छिंदवाड़ा जिले के निवासी श्री आशुतोष वरदेय, जो वर्तमान में केंद्रीय रिज़र्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) में उप कमांडेंट के पद पर सुकमा (छत्तीसगढ़) में पदस्थ हैं, को स्वतंत्रता दिवस–2024 के अवसर पर भारत की महामहिम राष्ट्रपति द्वारा “वीरता पदक” से सम्मानित किए जाने की घोषणा की गई थी।

श्री आशुतोष वरदेय ने यह गौरव जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद विरोधी अभियानों के दौरान अद्वितीय साहस, कुशल रणनीति एवं नेतृत्व क्षमता का परिचय देते हुए अर्जित किया। 30 अगस्त 2022 को शोपियाँ में हुए एक साहसिक अभियान के दौरान उन्होंने अपने प्राणों की परवाह किए बिना तीन दुर्दांत आतंकियों को मार गिराया, जिसके लिए उन्हें वीरता पदक से सम्मानित करने की घोषणा की गई।

 इसी क्रम में यह भी उल्लेखनीय है कि इतिहास में पहली बार सीआरपीएफ का रेज़िंग डे परेड पूर्वोत्तर भारत में आयोजित किया जा रहा है। 87वाँ सीआरपीएफ डे परेड 21 फरवरी को गुवाहाटी में आयोजित होगा। इस भव्य परेड में केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। परेड का आयोजन सरुसजाई स्टेडियम में किया जाएगा। इस ऐतिहासिक आयोजन के महत्व को रेखांकित करते हुए बताया गया है कि यह कार्यक्रम सीआरपीएफ की 87 वर्षों की गौरवशाली सेवा का उत्सव है, जिसमें वीरता, अनुशासन एवं भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का भव्य प्रदर्शन किया जाएगा। 87वें सीआरपीएफ डे परेड के अवसर पर श्री आशुतोष वरदेय “परेड एडजूडेंट” की महत्वपूर्ण भूमिका में नजर आएंगे। इसी भव्य परेड के दौरान उन्हें केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह द्वारा “वीरता पदक” से सम्मानित किया जाएगा।
Share News On