Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

दो शिक्षकों को किया निलंबित

दो शिक्षकों को किया निलंबित
छिंदवाड़ा
18-Feb-26
छिंदवाड़ा

सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग सतेन्द्र सिंह मरकाम द्वारा विकासखंड जुन्नारदेव के प्राथमिक शाला बारूखेड़ा में पदस्थ सहायक अध्यापक अरविंद ठाकरे को शाला में बिना किसी सूचना के अनुपस्थित रहने पर तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। इसी तरह प्राथमिक शाला गांगावानी संकुल केन्द्र सांगाखेड़ा में पदस्थ प्राथमिक शिक्षक सुमरलाल ठकरिया को शाला में बिना किसी सूचना के अनुपस्थित रहने पर तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग श्री मरकाम ने बताया कि विकासखंड शिक्षा अधिकारी जुन्नारदेव द्वारा अपने पत्र 02 फरवरी 2026 द्वारा लेख किया कि 02 फरवरी 2026 को प्राचार्य उच्चतर माध्यमिक शाला रामपुर एवं जन शिक्षक द्वारा प्राथमिक शाला बारूखेडा का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। उपस्थिति पंजी के अवलोकन से पाया गया कि प्राथमिक शाला बारूखेड़ा के सहायक अध्यापक श्री ठाकरे 27 जनवरी 2026 से बिना सूचना के अनुपस्थित है। उपस्थित अतिथि शिक्षकों द्वारा बताया गया कि सहायक अध्यापक श्री ठाकरे जनवरी माह में मात्र  08 दिन उपस्थित रहें है तथा पूर्ण माह में हस्ताक्षर किये है। शिक्षक उपस्थिति पंजी अपने साथ लेकर जाते है तथा संस्था में मदिरा का सेवन कर उपस्थित होते है और संस्था में अध्यापन कार्य नहीं कराते है। इसलिये सहायक अध्यापक श्री ठाकरे को निलंबित किया गया है।

इसी तरह विकासखंड शिक्षा अधिकारी जुन्नारदेव द्वारा अपने पत्र 02 फरवरी 2026 द्वारा अवगत कराया है कि 30 जनवरी 2026 को प्राथमिक शाला गांगावानी संकुल केन्द्र सांगाखेडा विकासखंड जुन्नारदेव का संकुल प्राचार्य हाईस्कूल सांगाखेडा द्वारा आकस्मिक निरीक्षण किया गया। अभिलेखों के परीक्षण में बताया गया कि विकासखंड जुन्नारदेव के प्राथमिक शाला गांगावानी संकुल केन्द्र सांगाखेड़ा के प्राथमिक शिक्षक श्री ठकरिया 19 जनवरी 2026 से निरीक्षण दिनांक तक बिना किसी पूर्व सूचना के अनुपस्थित है। छात्रों एव शिक्षंको द्वारा बताया गया कि प्राथमिक शिक्षक श्री ठकरिया के बिना पूर्व सूचना के अनुपस्थित रहने के कारण शाला में शिक्षण कार्य प्रभावित हो रहा है। विकासखंड शिक्षा अधिकारी जुन्नारदेव द्वारा अपने प्रतिवेदन में लेख किया कि प्राथमिक शिक्षक श्री ठकरिया मदिरा का सेवन कर संस्था में उपस्थित होते हैं, जिससे छात्रों पर विपरीत प्रभाव पड़ रहा है। प्राथमिक शिक्षक श्री ठकरिया को कार्य के प्रति लापरवाही एवं उदासीनता के कारण विभिन्न प्रावधानों के तहत निलंबित किया गया है।
Share News On