Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

चारफाटक और कुण्डा में अंडरब्रिज एवं लोधीखेड़ा में बनेगा ओवरब्रिज

चारफाटक और कुण्डा में अंडरब्रिज एवं लोधीखेड़ा में बनेगा ओवरब्रिज
छिंदवाड़ा
20-May-26
सांसद ने रेलवे और जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ किया चारफाटक क्षेत्र का निरीक्षण

छिन्दवाड़ा

अब जल्द ही छिन्दवाड़ा में रेलवे क्रासिंग क्षेत्र चारफाटक और चौरई से कुण्डा जाते समय पड़ने वाली रेलवे क्रासिंग में अंडरब्रिज एवं सौंसर से लोधीखेड़ा जाते समय पड़ने वाली रेलवे क्रासिंग में ओवरब्रिज का निर्माण किया जाएगा। सांसद के प्रयासों से अंडरब्रिज एवं ओवरब्रिज निर्माण के लिए जल्द ही डीपीआर तैयार किया जायेंगा। छिन्दवाड़ा में चारफॉटक क्षेत्र में प्रस्तावित अंडरब्रिज को लेकर बुधवार को सांसद ने रेलवे एवं जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ मौके का निरीक्षण किया है। इस दौरान अंडरब्रिज निर्माण के लिए संभावित क्षेत्र को देख कर कार्ययोजना पर विचार किया गया।

उल्लेखनीय है कि चारफाटक में ट्रेनों की आवाजाही और इंजन की लाइन चेंज करने के दौरान चारफाटक दिन में कई बार बंद रहता है। जिसके चलते यहा पर जाम की स्थिति बनी रहती है। क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रवासियों द्वारा चारफाटक में अंडरब्रिज बनाने की मांग वर्षों से की जा रही हैं। इसी तरह कुण्डा में पड़ने वाली रेलवे क्रासिंग में भी अंडरब्रिज निर्माण की मांग वर्षों से हो रही है। साथ ही लोधीखेड़ा में पड़ने वाली रेलवे क्रासिंग में बार-बार गेट बंद होने से लोगों को हो रही परेशानी को देखते हुए यहा पर ओवरब्रिज बनाने की मांग भी लंबे समय से की जा रही है। अंडरब्रिज और ओवरब्रिज के निर्माण को लेकर सांसद बंटी विवेक साहू लगातार प्रयास कर रहे है। अंडरब्रिज और ओवरब्रिज निर्माण के लिए सांसद श्री साहू ने नागपुर में आयोजित होने वाली मंडल की बैठकों के साथ ही छिन्दवाड़ा निरीक्षण पर आए डीआरएम सहित अन्य अधिकारियों से चर्चा करते हुए अंडरब्रिज और ओवरब्रिज बनाने के लिए कहा था।  

सांसद ने रेलवे मंत्री से किया था निवेदन

सांसद बंटी विवेक साहू ने दिल्ली प्रवास के दौरान रेलवे मंत्री अश्विणी वैष्णव से मुलाकात करते हुए छिन्दवाड़ा एवं पांढुर्णा में रेल सुविधाएं के साथ ही कई अंडरब्रिज और ओवरब्रिज बनाने का निवेदन किया था, जिसमें चारफाटक और कुंडा में अंडरब्रिज एवं लोधीखेड़ा जाते समय पड़ने वाली रेलवे क्रासिंग में ओवरब्रिज निर्माण की मांग भी रखी गई थी। इसी के तहत बुधवार को रेलवे और जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ सांसद बंटी विवेक साहू ने चारफाटक क्षेत्र का निरीक्षण किया है। अब रेलवे की स्वीकृति मिलते ही चारफाटक और कुंडा में अंडरब्रिज एवं लोधीखेड़ा में ओवरब्रिज का निर्माण हो सकेगा। अंडरब्रिज और ओवरब्रिज के निर्माण से यहा लगने वाले जाम से आमजनों को निजाद मिल सकेगी।    

सांसद के प्रयासों से लगे थे सिग्नल एवं सायरन

सांसद विवेक बंटी साहू के प्रयासों से ही स्थानीय चारफाटक रेलवे क्रांसिंग में रेलवे ओवरब्रिज के दोनों ओर सिग्नल एवं सायरन लगाये गये थे। मंडल अध्यक्ष अंकुर शुक्ला ने बताया कि चारफाटक रेलवे क्रांसिंग में गेट के बार-बार बंद होने पर छिन्दवाड़ा के निवासियों को वहां से आवागमन में हो रही समस्या एवं रोजाना लगने वाले भारी ट्राफिक जाम को कम करने हेतु सांसद बंटी विवेक साहू के द्वारा नागपुर मंडल डीआरएम एवं रेल प्रषासन को चारफाटक ओवरब्रिज के दोनों ओर सिग्नल एवं सायरन लगाने के लिए निर्देष दिये गये थे। अब यहा पर सिग्नल एवं सायरन लग जाने से रेलवे फाटक बंद होने की स्थिति में वहां से जाने वाले वाहन रेलवे ओवर ब्रिज के ऊपर से निकल रहे है, जिससे की चारफाटक रेलवे क्रासिंग के दोनों ओर लगने वाला भारी ट्राफिक जाम एवं वाहन की कतारों में कमी आने से स्थानीय क्षेत्रवासियों को राहत मिल रही है।  

निरीक्षण के दौरान यह रहे प्रमुख रूप से उपस्थित

चारफाटक क्षेत्र में निरीक्षण के दौरान भारतीय रेलवे की गतिशक्ति प्रोजेक्ट के चीफ प्रोजेक्ट मैनेजर अशोक सूर्यवंशी, रेलवे के जोनल सदस्य सत्येन्द्र ठाकुर, मंडल अध्यक्ष अंकुर शुक्ला, सौरभ ठाकुर, सहायक मंडल अभियंता मधुरेन्द्र कुमार, जिला प्रशासन से एसडीएम सुधीर जैन, नगर निगम आयुक्त सीपी राय,स्टेशन प्रबंधक हेमराज मीणा, वरिष्ठ भाजपा नेता नरेश साहू, दीनदयाल मोहने, अनाज व्यापारी संघ के अध्यक्ष प्रतीक शुक्ला, अधिवक्ता संघ के सचिव नंदकिशोर साहू, सांसद प्रतिनिधि रोहित पोफली, अलकेश लांबा, सभापति बलराम साहू, राहुल बंटी उईके, भाजपा नेता कुंदन मिगलानी, विशाल शर्मा, राजू नरोटे, नितेश गुप्ता, ओम चौरसिया, विकास वर्मा, आशीष बरैया, शशांक चंदेल सहित अन्य पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं रेलवे व जिला प्रशासन के अन्य अधिकारी उपस्थित थे। 
Share News On