बांगई के ग्रामीणों ने पहली बार की कलेक्टर से सीधी बात
छिंदवाड़ा
20-May-26
कलेक्टर ने ग्राम पंचायत बांगई में सुनी ग्रामीणों की समस्याएं
छिन्दवाडा
भारत सरकार के जनजातीय कार्य मंत्रालय के निर्देशानुसार जिले के सभी 617 आदिवासी और पी.वी.टी.जी ग्रामों में सबसे दूर, सबसे पहले की थीम पर 18 मई से 25 मई तक जनभागीदारी अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी अभियान के अंतर्गत कलेक्टर हरेंद्र नारायन द्वारा मंगलवार को ग्राम बांगई पहुंचकर जनसुनवाई की गई तथा ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनी गईं। इस दौरान सीईओ जिला पंचायत श्री अग्रिम कुमार भी उनके साथ थे।
जनसुनवाई के दौरान कलेक्टर श्री नारायन ने ग्रामीणों से गांव में मूलभूत सुविधाओं, शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन एवं आवश्यकताओं के संबंध में जानकारी ली। ग्रामीणों द्वारा गांव के स्कूल भवन के क्षतिग्रस्त होने की समस्या बताई गई। इस पर कलेक्टर श्री नारायन ने जिला परियोजना समन्वयक को निर्देश दिए कि विद्यालय भवन की स्थिति का परीक्षण कर आवश्यक मरम्मत कार्य शीघ्र कराया जाए, जिससे विद्यार्थियों को सुरक्षित वातावरण में शिक्षा मिल सके।
ग्रामीणों ने पेयजल समस्या से भी अवगत कराया, जिस पर कलेक्टर श्री नारायन ने कार्यपालन यंत्री, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को निर्देशित किया कि तत्काल निरीक्षण कर समस्या का निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि दूरस्थ आदिवासी क्षेत्रों में पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है। कलेक्टर श्री नारायन ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनभागीदारी अभियान के तहत गांव-गांव पहुंचकर आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुनें तथा उनका समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना इस अभियान का मुख्य उद्देश्य है।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत बांगई के परिसर में कलेक्टर श्री नारायन एवं अन्य अधिकारियों द्वारा पौधारोपण भी किया गया। अभियान के तहत अधिकारियों ने ग्रामीणों को पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण तथा शासकीय योजनाओं के प्रति जागरूक किया। इस दौरान पर एसडीएम जुन्नारदेव सुश्री कामिनी ठाकुर सहित समस्त विभागों के अधिकारी/कर्मचारी एवं ग्रामीणजन उपस्थित थे।