नशे से दूरी है ज़रूरी अभियान के तहत युवाओं ने ली नशामुक्ति की शपथ
छिंदवाड़ा
26-Jul-26
छिंदवाड़ा

नवांकुर संस्था सेवा संकल्प वेलफेयर सोसायटी द्वारा पोस्ट मैट्रिक अनुसूचित जाति बालक छात्रावास, खजरी रोड में "नशे से दूरी है ज़रूरी" विषय पर जागरूकता संगोष्ठी एवं शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में युवाओं ने नशामुक्त छिंदवाड़ा के निर्माण का संकल्प लिया।
मुख्य अतिथि थाना प्रभारी सिटी कोतवाली आशीष धुर्वे ने कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार, समाज और भविष्य को प्रभावित करता है। उन्होंने युवाओं से स्वयं नशे से दूर रहने तथा दूसरों को भी जागरूक करने का आह्वान किया। यातायात प्रभारी लोहित शेंडे ने कहा कि नशामुक्ति और सड़क सुरक्षा एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं। नशे की हालत में वाहन चलाना दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण है, इसलिए प्रत्येक नागरिक को नशे से दूर रहने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने उपस्थित युवाओं को नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई।
अधिवक्ता डॉ. डी.एस. चौरे ने कहा कि सेवा संकल्प वेलफेयर सोसायटी जनजागरूकता अभियानों के माध्यम से युवाओं को सकारात्मक दिशा देने का कार्य कर रही है। उन्होंने युवाओं से शिक्षा, सेवा और संस्कार को जीवन का आधार बनाने की अपील की।
कार्यक्रम में ट्रैफिक रोड सेफ्टी फाउंडेशन के संस्थापक कल्पेश पटेल, छात्रावास प्रभारी कमलेश डेहरिया, एच.एस. तिरगाम, सेवा संकल्प वेलफेयर सोसायटी के अध्यक्ष डॉ. चंद्रकांत विश्वकर्मा, सचिव संदीप अग्निहोत्री, उपाध्यक्ष आराधना शुक्ला सहित बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे। अंत में सभी प्रतिभागियों ने नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. डी.एस. चौरे एवं आभार प्रदर्शन सचिव संदीप अग्निहोत्री ने किया।