Home News Helpline Classified Jobs About Contact

भारतीय मजदूर संघ ने किया परिवार मिलन समारोह

भारतीय मजदूर संघ ने किया परिवार मिलन समारोह
छिंदवाड़ा
26-Jul-26
पारिवारिक मूल्यों के संरक्षण पर दिया गया जोर

छिंदवाड़ा

भारतीय मजदूर संघ जिला समिति द्वारा पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार रविवार को स्थानीय सतपुड़ा विधि महाविद्यालय ऑडिटोरियम में कार्यकर्ता परिवार मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मंचासीन अतिथियों द्वारा भगवान विश्वकर्मा, भारत माता एवं श्रद्धेय दत्तोपंत ठेंगड़ी के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया।

समारोह के दौरान डॉ. श्रीमती अंजू मौर्य, राज्य कर्मचारी संघ के जिला सचिव अरविंद भट्ट एवं पेंच-कन्हान के संयुक्त महामंत्री संजय बबारिया ने संगठन गीत प्रस्तुत किया। वहीं, जिला समिति की पूर्व अध्यक्ष श्रीमती मंजू राहंगडाले ने भजन एवं कीर्तन की प्रस्तुति दी। इस अवसर पर मंचासीन अतिथियों का अंगवस्त्र भेंट कर सम्मान किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं प्रदेश कार्यसमिति सदस्य राकेश श्रीवास्तव ने अपने संबोधन में वर्तमान समय में पारिवारिक संस्थाओं के विघटन पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि वर्षों पुरानी संयुक्त परिवार और कुटुंब की परिकल्पना पश्चिमी संस्कृति एवं सोशल मीडिया के प्रभाव के कारण कमजोर होती जा रही है। साझा चूल्हा जैसी पारिवारिक परंपराएं लगभग समाप्त हो रही हैं और संयुक्त परिवार तेजी से एकल परिवार में परिवर्तित हो रहे हैं, जिसका प्रतिकूल प्रभाव दादा-दादी और नाना-नानी जैसे पारिवारिक रिश्तों पर पड़ रहा है।

मुख्य वक्ता एवं भारतीय मजदूर संघ के प्रदेश अध्यक्ष संजय सिंह ने भी पारिवारिक मूल्यों के संरक्षण की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने स्वदेशी खानपान, वेशभूषा, भाषा और बोली को अपनाने तथा जीवन के विभिन्न क्षेत्रों में वैदिक संस्कृति के मूल्यों को महत्व देने की बात कही।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे जिला समिति के अध्यक्ष अर्जुन भारती ने समारोह में परिवार सहित शामिल हुए सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कार्यक्रम के आयोजन हेतु सतपुड़ा विधि महाविद्यालय की गवर्निंग बॉडी द्वारा भवन एवं परिसर उपलब्ध कराने के लिए विशेष धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम के अंत में सभी कार्यकर्ताओं एवं उनके परिवारजनों को सहभोज के लिए आमंत्रित किया गया। कार्यक्रम का संचालन जिला मंत्री अजय पाल ने किया।
Share News On