Home News Helpline Classified Jobs About Contact

उमरानाला पुलिस ने तीन चोरी के मामलों का किया खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार

उमरानाला पुलिस ने तीन चोरी के मामलों का किया खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार
क्राइम
24-Jul-26
डेढ़ लाख रुपये का मशरूका बरामद, नागपुर से चोरी की गई एक्टिवा भी मिली

छिंदवाड़ा

जिले की उमरानाला चौकी पुलिस ने चोरी के तीन मामलों का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की एक मोटरसाइकिल, एक एक्टिवा स्कूटी, मोबाइल फोन सहित करीब डेढ़ लाख रुपये का मशरूका बरामद किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन तथा उप पुलिस अधीक्षक (यातायात) रामेश्वर प्रसाद चौबे एवं थाना प्रभारी मोहखेड़ निरीक्षक विजयराव माहोरे के मार्गदर्शन में उमरानाला चौकी पुलिस ने यह कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार 22 जुलाई को प्रार्थी अरविंद टेकले और विवेक लोखंडे की शिकायत पर चोरी के दो अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी।

जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर संदेहियों की तलाश शुरू की। पूछताछ के लिए हिरासत में लिए गए अमोल धुर्वे, विजय मरकाम और विनोद धौलपुरी ने उमरानाला क्षेत्र में हुई दोनों चोरियों के साथ ही महाराष्ट्र के नागपुर जिले के थाना कलमना क्षेत्र से एक एक्टिवा स्कूटी चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस जांच में नागपुर के थाना कलमना में उक्त वाहन चोरी का अपराध क्रमांक 636/26 दर्ज होना पाया गया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक डिस्कवर मोटरसाइकिल, एक एक्टिवा स्कूटी, एक रेडमी मोबाइल फोन, ताला तोड़ने में इस्तेमाल की जाने वाली लोहे की हथौड़ी एवं रॉड, दो इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटे तथा 700 रुपये नकद बरामद किए हैं। जब्त किए गए मशरूका की कुल कीमत लगभग 1.50 लाख रुपये आंकी गई है।

गिरफ्तार आरोपियों में अमोल धुर्वे (20) निवासी ग्राम टिकाड़ी, थाना मोहखेड़, विजय मरकाम (21) निवासी ग्राम भाजीपानी, थाना मोहखेड़ तथा विनोद धौलपुरी (21) निवासी ग्राम गुढ़ी अंबाड़ा, थाना जुन्नारदेव शामिल हैं। इस कार्रवाई में उमरानाला चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक राजेश साहू, सहायक उपनिरीक्षक संतोष बघेल एवं प्रधान आरक्षक श्याम ठाकरे की विशेष भूमिका रही। पुलिस ने आम नागरिकों से संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील भी की है।
Share News On