राजमाता सिंधिया गर्ल्स कॉलेज में दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला कल
छिंदवाड़ा
23-Feb-26
वर्तमान जीवन शैली में योग एवं ध्यान चुनौतियाँ एवं समाधान विषय पर शोधपत्र पढ़ेंगे विद्वान
छिंदवाड़ा
राजमाता सिंधिया शासकीय स्नातकोत्तर कन्या महाविद्यालय में वर्तमान जीवन शैली में योग एवं ध्यान चुनौतियाँ एवं समाधान विषय पर द्वि-दिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला का आयोजन 24 फरवरी, मंगलवार को प्रातः 9 बजे से किया जाएगा। कार्यशाला में देश के विभिन्न क्षेत्रों से प्रतिभागियों द्वारा पंजीयन कराया जा रहा हैं। अब तक लगभग 150 प्रतिभागी अपनी सहभागिता सुनिश्चित कर चुके हैं। कार्यशाला का उद्घाटन राजा शंकर शाह विश्वविद्यालय के कुलगुरु माननीय डॉ. इंद्रप्रसाद त्रिपाठी जी के मुख्य आतिथ्य में संपन्न होगा।

प्रथम दिवस के योगाभ्यास आधारित सत्र में हरिद्वार (उत्तराखंड) से पधार रहे डॉ. कामता प्रसाद साहू द्वारा व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। तत्पश्चात ध्यान सत्र में आनंद संस्थान से अनिल कांबले मार्गदर्शन देंगे। द्वितीय दिवस पर आर्ट ऑफ लिविंग के एडवांस कोर्स टीचर डॉ. विकास कुमार साहू विशेष सत्र का संचालन करेंगे। साथ ही सहज योग ध्यान विषय पर सुधीर जदवानी प्रतिभागियों को ध्यान की विभिन्न तकनीकों से अवगत कराएंगे।
कार्यशाला के अंतर्गत शोध-पत्र वाचन का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें प्रतिभागी योग एवं ध्यान से संबंधित अपने शोधपरक विचार प्रस्तुत करेंगे। यह राष्ट्रीय कार्यशाला विद्यार्थियों, शोधार्थियों एवं आम नागरिकों के लिए शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक उन्नयन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध होगी।