Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

भारतीय मजदूर संघ का 25 फरवरी को राष्ट्रव्यापी विरोध दिवस

भारतीय मजदूर संघ का 25 फरवरी को राष्ट्रव्यापी विरोध दिवस
छिंदवाड़ा
23-Feb-26
धरना प्रदर्शन और रैली निकालकर मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के नाम दिया जाएगा ज्ञापन

छिन्दवाड़ा

सिवनी रोड स्थित जिला औषधि कार्यालय में भारतीय मजदूर संघ की जिला समिति की एक बैठक जिलाध्यक्ष अर्जुन भारती की अध्यक्षता में की गई। बैठक में हॉल ही में पुरी में सम्पन्न हुये 21 वें अखिल भारतीय अधिवेशन में लिये गये निर्णय के अनुसार भारतीय मजदूर संघ के निर्देश पर अखिल भारतीय स्तर पर 25 फरवरी, बुधवार को जिला मुख्यालय पर धरना प्रदर्शन रैली एवं ज्ञापन का कार्यक्रम की रूपरेखा पर विचार विमर्श किया गया। इस बैठक में प्रदेश अध्यक्ष संजय सिंह, विभाग प्रमुख सुबोधरंजन शक्रवार, राकेश श्रीवास्तव प्रदेश कार्यसमिति सदस्य विशेष रूप से उपस्थित थे।

इस बैठक में यह निर्णय लिया गया कि 25 फरवरी बुधवार कोे दोपहर 2 से 3 बजे भारतीय मजदूर संघ से संबंधित जिले में कार्यरत सभी श्रमिक संघ के कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट के सामने एकत्रित होंगे। 3 बजे से लेकर 5 बजे तक इसी स्थल पर धरना प्रदर्शन होगा। इसके बाद शाम 5 बजे एक रैली के माध्यम से धरना स्थल से प्रारंभ होकर के सत्कार तिराहे, महाराणा प्रताप चौक, जेल बगीचे से होते हुये जिलाध्यक्ष कार्यालय पहंुचकर ज्ञापन सौंपा जायेगा। बैठक में दिए जाने वाले ज्ञापन की रूपरेखा पर भी विचार विमर्श किया गया। कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु सभी श्रमिक संघ के पदाधिकारियों से अनुमानित प्रतिनिधित्व की संख्या ली गयी। 

बैठक में बताया गया कि अखिल भारतीय पुरी अधिवेशन में 5 प्रस्ताव पारित किए गए जिनमें पहला श्रम कानूनों का, बिना किसी अपवाद के, सभी श्रमिकों पर सार्वभौमिक रूप से लागू करें और अन्त्योदय को साकार करें। दूसरा  ठेका श्रमिकों के शोषण को खत्म करने के लिये कानून में बदलाव किया जाये। तीसरा आंगनवाड़ी कर्मियों को कर्मचारी घोषित करते हुये वेतन में सामाजिक सुरक्षा का लाभ इन्हें प्रदान किया जावें। चौथा त्रिपक्षीय तंत्र को पुर्नजीवित कर उसे प्रभावी, व्यवहारिक एवं नियमित किया जावे  और पांचवां जनरल भर्ती पर लगी रोक तुरन्त हटाई जाये। राज्य स्तर की समस्याओं के समाधान हेतु प्रदेश भारतीय मजदूर संघ द्वारा प्रेषित 42 सूत्रीय मांग पत्र को भी ज्ञापन में स्थान दिया जायेगा। समय -समय पर जिला स्तर पर औद्योगिक क्षेत्र से संबंधित विभिन्न समस्याओं के ज्ञापन का समावेश भी किया जायेगा। 

जिलाध्यक्ष अर्जुन भारती ने सभी उपस्थित पदाधिकारियों से अनुरोध किया है कि अपने संघ की कार्यकारिणी के कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाये। बैठक के अंत में रमेश शर्मा राज्य कर्मचारी संघ के द्वारा आभार व्यक्त किया गया। बैठक का संचालन अजय पाल जिला मंत्री के द्वारा किया गया।
Share News On

"सफलता" की पोशाक कभी तैयार नहीं मिलती, इसे बनाने के लिए"मेहनत" का हुनर चाहिये।