लखनिया बाई की आंखों से दुनिया देखेंगे दो नेत्रहीन
छिंदवाड़ा
24-Sep-25
ग्रामीण क्षेत्रों में भी नेत्रदान के लिए आ रही जागरूकता
छिंदवाड़ा
समाज सेवा में हमेशा अग्रणी रहने वाले उमरहर निवासी किरार समाज के प्रतिष्ठित व शिक्षित चौरिया परिवार में स्वर्गीय इंदल पटेल की धर्मपत्नी लखनिया बाई का आज 24 सितंबर को प्रकृति के नियमानुसार 97 वर्ष की आयु में देवलोक गमन हो गया। स्व.श्रीमती लखनिया बाई ने एक माह पूर्व ही अपनी जीवित अवस्था में 28 अगस्त को जिला चिकित्सालय छिंदवाड़ा के नेत्र विभाग में जीते जी नेत्रदान के संकल्प की घोषणा की थी।

अपनी मां के नेत्रदान संकल्प को पूरा करते हुए उनके पुत्र अमीर चौरिया पटवारी, राधेश्याम चौरिया पटवारी एवं किरार महासभा के प्रदेश उपाध्यक्ष समाज सेवक शिवकुमार चौरिया पटवारी व नाती डॉक्टर श्रीराम चौरिया ने जिला चिकित्सालय के नेत्र विभाग के डाक्टरों को सूचित कर माता जी के नेत्रों का दान किया। चौरिया परिवार के इस अनुकरणीय निर्णय से एक नहीं बल्कि दो नेत्रहीन इस सतरंगी दुनिया को देख पाएंगे। चौरिया परिवार के इस निर्णय की किरार समाज के सभी वरिष्ठजनों सामाजिक बंधु एवं अन्य लोगों ने सराहना की है।