Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

पेंचवेली एक्सप्रेस में बढ़े दो अतिरिक्त कोच, श्रेय को लेकर कांग्रेस-भाजपा आमने-सामने

पेंचवेली एक्सप्रेस में बढ़े दो अतिरिक्त कोच, श्रेय को लेकर कांग्रेस-भाजपा आमने-सामने
छिंदवाड़ा
30-Jun-26
छिंदवाड़ा

छिंदवाड़ा-भोपाल रेल मार्ग पर संचालित पेंचवेली एक्सप्रेस में एक एसी और एक स्लीपर कोच बढ़ाए जाने के बाद इसे लेकर कांग्रेस और भाजपा के बीच श्रेय की राजनीति शुरू हो गई है। कांग्रेस ने अतिरिक्त कोच को पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ की पहल का परिणाम बताया है, जबकि भाजपा इसे स्थानीय सांसद बंटी विवेक साहू की मेहनत का परिणम बता रही है।

कांग्रेस का कहना है कि पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने 8 जून 2026 को रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर पेंचवेली एक्सप्रेस में यात्रियों की बढ़ती संख्या, लंबी वेटिंग लिस्ट और त्योहारों के दौरान होने वाली परेशानी का उल्लेख करते हुए अतिरिक्त एसी और स्लीपर कोच लगाने की मांग की थी। कांग्रेस के अनुसार, रेल मंत्री द्वारा इस मांग पर सकारात्मक कार्रवाई करते हुए ट्रेन में दो अतिरिक्त कोच जोड़े गए हैं, जिससे यात्रियों को राहत मिलेगी।

वहीं भाजपा का कहना है कि सांसद बंटी विवेक साहू दिल्ली में केंद्रीय रेल मंत्री से मिले और उन्होंने जिले की रेल सुविधाओं और रेल यात्रियों की विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया था। उसी तारतम्य में रेल कोचों की संख्या बढ़ाई गई है। 

ध्यान रहे पेंचवेली एक्सप्रेस छिंदवाड़ा, नर्मदापुरम भोपाल और इंदौर के बीच यात्रा करने वाले हजारों यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण रेल सेवा है। अतिरिक्त एक एसी और एक स्लीपर कोच जुड़ने से प्रतीक्षा सूची कम होने और यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलने की उम्मीद है। हालांकि इस उपलब्धि का वास्तविक श्रेय किसे मिले, इसे लेकर कांग्रेस और भाजपा के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है।
Share News On