Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

45 लाख में आदिवासी की जमीन का सौदा, एक लाख में करा ली रजिस्ट्री

45 लाख में आदिवासी की जमीन का सौदा, एक लाख में करा ली रजिस्ट्री
छिंदवाड़ा
07-Jul-26
गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के साथ पीड़ित पहुंचा जनसुनवाई में

छिंदवाड़ा

शहर के आसपास के गांवों में आदिवासियों की जमीन पर भू माफिया गिद्ध की दृष्टि डाले हुए है। अवसर मिलते ही वे आदिवासियों की जमीन हड़प रहे हैं। ऐसा ही कुछ मामला सारना गांव का है जहां एक आदिवासी परिवार की जमीन का सौदा तो 45 लाख में किया गया लेकिन मात्र 1 लाख रूपए देकर जमीन की रजिस्ट्री करवा ली गई। अब शेष रकम के लिए आदिवासी परिवार दर-दर भटक रहा है। गोंडवाना गणतंत्र पार्टी युवा मोर्चा के साथ पीड़ित परिवार मंगलवार को कलेक्टर सुनवाई में पहुंचे।

गोंडवाना गणतंत्र पार्टी युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष मिथुन कुमार धुर्वे ने बताया कि सारना निवासी पीड़ित परिवार सुराजू पिता चौतू के स्वामित्व की भूमि वाके मौजा ग्राम सारना खसरा नंबर 370/1 रकबा 0.7450 हे. को भू माफिया सुनील कुमार बेलवंशी एवं धनकुमार सोनी दोनों निवासी छिंदवाड़ा ने 45 लाख रूपये में क्रय की थी। सौदा होने के बाद मात्र एक लाख ही पीड़ित कृषक को देकर संपूर्ण जमीन की रजिस्ट्री पी.डी.सी. चैक देकर करवा ली। पीड़ित परिवार ने जब बैंक में चैक लगाया तो 6 लाख रूपये का चैक बाउंस हो गया है एवं 10-10 लाख रूपये के चैक लगाना बाकी है। इसके अलावा और भी राशि का भुगतान करने के लिये पीड़ित परिवार के सदस्य इन भू माफियाओं से बार-बार संपर्क किया जा रहा है, परंतु उनके द्वारा क्रय की भूमि की संपूर्ण राशि न देकर अनावश्यक ही गरीब आदिवासी कृषक को परेशान किया जा रहा है। इसे लेकर आज गोंडवाना गणतंत्र पार्टी युवा मोर्चा द्वारा कलेक्टर जन सुनवाई में आवेदक दिया और उसकी प्रति राष्ट्रपति, राज्यपाल, प्रधानमंत्री, अनुसूचित जनजाति आयोग, मुख्यमंत्री, जनजातीय विभाग मंत्री सहित अन्य अधिकारियों को प्रेषित कर पीड़ित परिवार को अपने स्वामित्व की भूमि की संपूर्ण राशि दिलवाने की मांग की है।
Share News On