परिवहन विभाग ने की सिंगोड़ी-अमरवाड़ा क्षेत्र में स्कूल वाहनों की सघन जांच
छिंदवाड़ा
15-Jul-26
4 स्कूल वाहन जप्त, 09 वाहनों पर 76000 रूपये की चालानी कार्रवाई

छिन्दवाडा
बुधवार को अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी अनुराग शुक्ला के निर्देशन में परिवहन विभाग के विशेष जांच दल द्वारा सिंगोड़ी-अमरवाड़ा क्षेत्र में संचालित स्कूल वाहनों की सघन जांच की गई। जांच अभियान के दौरान छोटे-बड़े लगभग 35 स्कूल वाहनों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान वाहनों के समस्त दस्तावेज, चालक के ड्राइविंग लाइसेंस, ओवरलोडिंग तथा अन्य आवश्यक बिंदुओं की जांच की गई।
जांच के दौरान आवश्यक दस्तावेजों एवं अन्य प्रावधानों में कमियां पाए जाने पर 4 स्कूल वाहन - क्रमांक एमपी 20 टी 6769, एमपी 37 सी 0188, एमपी 16 टी 1436 एवं एमपी 04 बीए 2547 बिना वैध दस्तावेज के संचालित पाए गए। इन सभी वाहनों को जप्त कर पुलिस चौकी सिंगोड़ी परिसर में सुरक्षार्थ खड़ा कराया गया। इसके अतिरिक्त मोटरयान अधिनियम के तहत दस्तावेजों एवं अन्य कमियां पाए जाने पर 9 वाहनों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई करते हुए 76000 रुपये का राजस्व वसूल किया गया। परिवहन विभाग ने स्कूल वाहन संचालकों एवं चालकों को समझाइश दी कि वे मोटरयान अधिनियम, 1988 के प्रावधानों के अनुरूप ही वाहनों का संचालन करें। अन्यथा भविष्य में कमियां पाए जाने पर नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।