Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

शहरी उप स्वास्थ्य केंद्र रामबाग में दस्तक अभियान का शुभारंभ

शहरी उप स्वास्थ्य केंद्र रामबाग में दस्तक अभियान का शुभारंभ
छिंदवाड़ा
15-Jul-26
बच्चों को पिलाई गई जिंक, ओआरएस व विटामिन-ए की खुराक

छिन्दवाडा 

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.नरेश गोन्नाडे के मार्गदर्शन में जिले सहित सभी विकासखंडों में 14 जुलाई से 31 अगस्त तक स्टॉप डायरिया कैंपेन सह दस्तक अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में गत दिवस शहरी उप स्वास्थ्य केंद्र रामबाग में अभियान का शुभारंभ मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.गोन्नाडे, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. पुष्पारानी सिंह एवं संस्था प्रभारी डॉ. सुमित मोहबे ने बच्चों को जिंक, ओआरएस एवं विटामिन-ए की खुराक पिलाकर किया।

इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.गोन्नाडे ने बताया कि जिले के सभी विकासखंडों के ग्रामों में माइक्रोप्लान के अनुसार दस्तक अभियान की गतिविधियां संचालित की जाएंगी। अभियान का उद्देश्य पांच वर्ष से कम आयु के बच्चों में प्रमुख बाल्यकालीन बीमारियों की सामुदायिक स्तर पर सक्रिय पहचान एवं त्वरित उचित प्रबंधन सुनिश्चित कर बाल मृत्यु दर में कमी लाना है।

उन्होंने बताया कि अभियान के तहत एएनएम, आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा पांच वर्ष से कम आयु के बच्चों में बीमारियों की सक्रिय पहचान एवं उचित प्रबंधन, बाल्यकालीन निमोनिया की त्वरित पहचान, गंभीर कुपोषित बच्चों की पहचान, रेफरल एवं प्रबंधन, गंभीर एनीमिया की स्क्रीनिंग एवं उपचार, दस्त रोग नियंत्रण के लिए ओआरएस एवं जिंक का उपयोग, विटामिन-ए अनुपूरण, जन्मजात विकृतियों एवं वृद्धि विलंब की पहचान, आहार संबंधी परामर्श, एसएनसीयू एवं एनआरसी से डिस्चार्ज बच्चों की स्क्रीनिंग एवं फॉलोअप तथा आंशिक रूप से टीकाकृत एवं छूटे हुए बच्चों का पूर्ण टीकाकरण किया जाएगा।

जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. पुष्पारानी सिंह ने बताया कि दस्तक अभियान के सफल संचालन के लिए सभी मैदानी स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए गए हैं कि अभियान के दौरान प्रत्येक पात्र बच्चे तक सभी स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जाएं। वहीं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.गोन्नाडे ने आमजन से अपील की, कि अभियान के दौरान मैदानी स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं का सहयोग करें और अपने बच्चों को गंभीर बीमारियों से सुरक्षित रखने में सहभागिता निभाएं। कार्यक्रम में संस्था प्रभारी डॉ.सुमित मोहबे, बीईई बी.आर. देशमुख, एपीएम श्रीमती आरती यादव, शहरी स्वास्थ्य केंद्र के अधिकारी-कर्मचारी, अन्य स्टाफ तथा बच्चों के अभिभावक उपस्थित थे।
Share News On