Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

"नशे से दूरी है जरूरी 2.0" अभियान का जिले में हुआ शुभारंभ

"नशे से दूरी है जरूरी 2.0" अभियान का जिले में हुआ शुभारंभ
छिंदवाड़ा
15-Jul-26
हरी झंडी दिखाकर जागरूकता रथ किए रवाना, वृहद जागरूकता रैली भी निकाली गई

छिन्दवाडा 

शासन द्वारा समाज को नशे के अभिशाप से मुक्त करने तथा युवा पीढ़ी को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने के उद्देश्य से प्रदेशभर में 15 जुलाई से 30 जुलाई 2026 तक "नशे से दूरी है जरूरी 2.0" अभियान संचालित किया जा रहा है। इस अभियान का जिला स्तरीय शुभारंभ आज कलेक्टर कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम से किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से नशामुक्त समाज के निर्माण का सामूहिक संकल्प लिया गया तथा जनजागरूकता गतिविधियों की शुरुआत की गई।

 इस अवसर पर कलेक्टर हरेंद्र नारायन एवं पुलिस अधीक्षक अजय पाण्डेय ने कलेक्टर कार्यालय परिसर से जागरूकता रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया तथा वृहद जागरूकता रैली भी निकाली गई। इस रैली में विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों, विभिन्न सामाजिक संगठनों। एनसीसी कैडेट्स, स्कूली विद्यार्थियों एवं गणमान्य नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम में एडीएम धीरेन्द्र सिंह, प्रभारी उपसंचालक सामाजिक न्याय डिप्टी कलेक्टर  पुष्पेंद्र निगम, पुलिस एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा मीडिया के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

इससे पूर्व कलेक्टर  हरेंद्र नारायन एवं एसपी  अजय पाण्डेय ने कलेक्टर कार्यालय के मिनी सभाकक्ष में मीडिया के साथियों को अभियान के संबंध में विस्तृत जानकारी दी और व्यापक प्रचार - प्रसार के माध्यम से जनजागरुकता में सहयोग की अपील की। इस दौरान "नशे से दूरी है जरूरी 2.0" अभियान के पोस्टर का विमोचन भी किया गया।

 कलेक्टर श्री नारायन ने कहा कि पुलिस विभाग के नेतृत्व में यह अभियान अन्य सभी विभागों की सक्रिय सहभागिता से सफलतापूर्वक आयोजित किया जाएगा। उन्होंने दिवसवार आयोजित होने वाली गतिविधियों की जानकारी मीडिया से साझा की। पुलिस अधीक्षक श्री पाण्डेय ने बताया कि आज से इस अभियान की जिलेभर में शुरुवात हो गई है। जागरूकता रथ जिले भर में भ्रमण कर नशे से दूर रहने के लिए लोगों को जागरूक करेंगें। उन्होंने मीडिया के साथियों से नशे के संवेदनशील क्षेत्रों की जानकारी भी साझा करने में सहयोग की अपील की, जिससे क्षेत्र विशेष में मुख्य फोकस करते हुए और प्रभावी कार्यवाही की जा सके।
Share News On