प्रस्फुटन समितियों को सशक्तिकरण के लिए चौरई में दिया प्रशिक्षण
छिंदवाड़ा
30-Jul-26
52 पदाधिकारियों ने लिया हिस्सा, जल संरक्षण
महिला सशक्तिकरण और शासकीय योजनाओं की दी गई जानकारी

छिंदवाड़ा
मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा प्रस्फुटन समिति शक्ति संवर्धन योजना के अंतर्गत विकासखंड चौरई के जनपद पंचायत सभागार में एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य प्रस्फुटन समितियों को संगठनात्मक रूप से सशक्त बनाना, दस्तावेजीकरण को व्यवस्थित करना तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में उनकी भूमिका को मजबूत करना था। कार्यक्रम में विकासखंड की विभिन्न प्रस्फुटन समितियों के 52 अध्यक्ष, सचिव एवं सदस्यों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व जनपद सदस्य वीरपाल इवनाती, जिला समन्वयक अखिलेश जैन एवं अन्य अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। जिला समन्वयक अखिलेश जैन ने कहा कि प्रस्फुटन समितियां शासन और समाज के बीच सशक्त सेतु का कार्य करती हैं और जनभागीदारी के माध्यम से विकास योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। वहीं, वीरपाल इवनाती ने सामाजिक विकास में समितियों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
प्रशिक्षण के दौरान विभिन्न विशेषज्ञों ने पशुपालन विभाग की योजनाओं, सर्पदंश से बचाव, महिला स्व-सहायता समूहों, स्वरोजगार, जल संरक्षण एवं शासकीय योजनाओं की जानकारी दी। समाजसेवी योगेश दुबे ने युवाओं को समाजसेवा एवं रोजगारपरक पाठ्यक्रमों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। तकनीकी सत्र में प्रस्फुटन समितियों के दस्तावेजीकरण, बैठक कार्यवाही, रिपोर्टिंग एवं अभिलेख संधारण का व्यवहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया।
कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने ग्राम स्तर पर नियमित बैठकें आयोजित करने, महिला सशक्तिकरण, जल संरक्षण, सर्पदंश जागरूकता तथा जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी प्रचार-प्रसार के लिए सक्रिय रूप से कार्य करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का संचालन मनीष तिवारी ने तथा आभार प्रदर्शन गहर सिंह मंगदोले ने किया।