Home News Helpline Classified Jobs About Contact

21 से 23 अगस्त तक चलेगा तामिया सावन महोत्सव

21 से 23 अगस्त तक चलेगा तामिया सावन महोत्सव
छिंदवाड़ा
30-Jul-26
पर्यटकों के लिए कई रोमांचककारी गतिविधियां रहेंगी आकर्षण का केंद्र

छिन्दवाडा 

मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड व जिला प्रशासन अगस्त माह में तामिया सावन महोत्सव का आयोजन करने जा रहे हैं, इस महोत्सव का उद्देश्य छिंदवाड़ा जिले में चल रहे ग्रामीण होम स्टे का प्रमोशन, पर्यटन विकास और स्थानीय पंरापरिक खेलों को बढ़ावा देना होगा। तामिया सावन महोत्सव 21 से 23 अगस्त 2026 तक चलेगा। जिला पुरातत्व, पर्यटन एवं संस्कृति परिषद के माध्यम से होने वाले तामिया सावन महोत्सव में पर्यटकों के लिए सावन के झूले, आदिवासी आर्ट, हस्तशिल्प, हथकरघा की वस्तुओं की ब्रिकी, नेचर फोटोग्राफी प्रतियोगिता सहित अनेक प्रकार की गतिविधियां होंगी।

कलेक्टर हरेंद्र नारायन, जिला पंचायत सीईओ अग्रिम कुमार के कुशल मार्गदर्शन में तामिया सावन महोत्सव की तैयारियां व्यापक स्तर पर की जा रही हैं। जिला पुरातत्‍व, पर्यटन एवं संस्कृति परिषद के नोडल अधिकारी बलराज राजपूत ने बताया कि 21 से 23 अगस्त 2026 तक होने वाले तीन दिवसीय तामिया सावन महोत्सव में स्थानीय नृत्य, लोककला और लोक संगीत को शामिल किया जा रहा है। 

मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड के सहयोग से सावन महोत्सव तामिया के सुप्रसिद्ध पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाऊस के पास होगा। यहां पर्यटकों के खान-पान के लिए अनेक स्टाल लगाए जाएंगे। सावन में झूलों का महत्व होता है, यहां आने वाले पर्यटक झूलों का आनंद उठा सकेंगे। पर्यटकों को वल्चर पाइंट, चीड़ पाइंट, छोटा महादेव, ग्वालगढ़ पहाड़ी, तुलतुला पहाड़ की ट्रेकिंग गाइड द्वारा करवाई जाएगी। पर्यटकों को तामिया ब्लॉक के पर्यटन ग्रामों में संचालित होम स्टे तक पहुंचाने के लिए विशेष व्यवस्था रहेगी।

Share News On