Home News Helpline Classified Jobs About Contact

पेंच डेम का जलस्तर 618 पहुंचा, पिछले साल था 622 मीटर

पेंच डेम का जलस्तर 618 पहुंचा, पिछले साल था 622 मीटर
छिंदवाड़ा
30-Jul-26
कलेक्टर ने दिए अधिकारियों को मॉनिटरिंग के निर्देश

छिन्दवाडा 

कलेक्टर हरेंद्र नारायन ने गुरुवार को कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में जल संसाधन विभाग की समीक्षा बैठक लेकर जिले के जलाशयों एवं माइनर टैंकों में जलभराव की वर्तमान स्थिति की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में विभागीय अधिकारियों द्वारा जिले के प्रमुख जलाशयों के जलस्तर, जल भंडारण क्षमता एवं उपलब्ध जल की स्थिति से अवगत कराया गया।

समीक्षा के दौरान अधिकारियों ने बताया कि पेंच डैम, चौरई का वर्तमान जलस्तर 618.06 मीटर दर्ज किया गया है, जबकि गत वर्ष इसी अवधि में यह 622.17 मीटर था। इस वर्ष अपेक्षाकृत कम वर्षा होने के कारण जलाशय का जलस्तर गत वर्ष की तुलना में कम है। विभाग द्वारा यह भी बताया गया कि जिले के अधीनस्थ 109 माइनर टैंकों में से 59 टैंक, जो कुल टैंकों का लगभग 54 प्रतिशत हैं, वर्तमान में एल.एस.एल. (लोवेस्ट सप्लाई लेवल) स्तर से नीचे हैं। ऐसे में आगामी अवधि में जल उपलब्धता एवं उसके प्रभावी प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिए जाने की आवश्यकता है।

कलेक्टर श्री नारायन ने बैठक में जल संसाधन विभाग के अधिकारियों को जिले के सभी जलाशयों एवं माइनर टैंकों के जलस्तर की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उपलब्ध जल का विवेकपूर्ण एवं योजनाबद्ध उपयोग सुनिश्चित किया जाए तथा जल उपलब्धता की स्थिति की सतत समीक्षा करते हुए आवश्यकतानुसार अग्रिम कार्ययोजना तैयार रखी जाए। उन्होंने संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर जल प्रबंधन से जुड़े आवश्यक कदम समय पर उठाने के निर्देश भी दिए। बैठक में जल संसाधन विभाग के कार्यपालन यंत्री सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे ।
Share News On