जल संरक्षण, नशामुक्ति, पर्यावरण संरक्षण एवं ग्राम विकास पर दिया प्रशिक्षण
छिंदवाड़ा
24-Nov-26
प्रस्फुटन शक्ति संचय अभियान अंतर्गत छिंदवाड़ा विकासखंड स्तरीय बैठक संपन्न

छिंदवाड़ा अपडेट
परिषद संवाद योजना अंतर्गत विकासखंड स्तरीय प्रस्फुटन शक्ति संचय अभियान की बैठक आयोजित की गई। कार्यक्रम में नवांकुर संस्थाओं एवं ग्राम, नगर विकास प्रस्फुटन समितियों के पदाधिकारियों एवं सदस्यों के साथ, मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम परामर्शदाताओं, सीएम इंटर्न सहित विभिन्न स्वैच्छिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की। बैठक में जिला समन्वयक अखिलेश जैन द्वारा ग्राम विकास एवं सामाजिक परिवर्तन के विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तारपूर्वक प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
बैठक में मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक अखिलेश जैन, समाजसेवी विनोद तिवारी, डॉ चंद्रकांत विश्वकर्मा, संजय साहू उपस्थित थे। सभी अतिथियों ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि जल संरक्षण एवं संवर्धन के लिए बोरी बंधान, पर्यावरण संरक्षण, ऊर्जा संरक्षण, नशामुक्ति अभियान, आदर्श ग्राम, पौधों के संरक्षण एवं संवर्धन हेतु नर्सरी की स्थापना, संस्कार केंद्रों का नियमित संचालन तथा नवांकुर एवं प्रस्फुटन वाटिकाओं की स्थापना जैसे महत्वपूर्ण कार्य करने की आवश्यकता है। बैठक में उपस्थित सभी संस्थाओं एवं समितियों के पदाधिकारियों और सदस्यों ने अभियान के उद्देश्यों के अनुरूप सक्रिय सहभागिता करते हुए ग्राम विकास, पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण एवं सामाजिक जागरूकता के कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने का संकल्प व्यक्त किया। बैठक का संचालन नवांकुर संस्था सेवा संकल्प वेलफेयर सोसाइटी के चंद्रकांत विश्वकर्मा ने किया तथा आभार अपूर्वा फाउंडेशन के संजय साहू द्वारा किया गया।