Home News Helpline Classified Jobs About Contact

कुसमैली में अवैध कॉलोनी विकसित करने के मामले में निगम ने की कार्रवाई

कुसमैली में अवैध कॉलोनी विकसित करने के मामले में निगम ने की कार्रवाई
छिंदवाड़ा
24-Nov-26
कॉलोनाइजर और भूमि स्वामी को नोटिस जारी करने के निर्देश

छिन्दवाडा अपडेट

बिना वैधानिक अनुमति के शहर एवं सीमावर्ती क्षेत्रों में विकसित की जा रही अवैध कॉलोनियों और शासकीय भूमि पर किए जा रहे अतिक्रमण के विरुद्ध नगर पालिक निगम छिंदवाड़ा द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में मंगलवार को क्षेत्र भ्रमण के दौरान नगर निगम आयुक्त सी.पी. राय ने कार्यपालन यंत्री हिमांशु अतुलकर एवं संबंधित उपयंत्री के साथ कुसमैली स्थित पंचायत भवन का निरीक्षण किया। इस दौरान पंचायत भवन के पीछे रातोंरात अवैध रूप से कॉलोनी विकसित किए जाने का मामला सामने आया। यहां जमीन को समतल कर मिट्टी से सड़क बनाकर कॉलोनी का स्वरूप दिया जा रहा था। मामले को गंभीरता से लेते हुए आयुक्त श्री राय ने मौके पर ही कार्रवाई के निर्देश दिए।

आयुक्त श्री राय के निर्देश पर कार्यपालन यंत्री हिमांशु अतुलकर एवं उपयंत्री भानु सूर्यवंशी ने स्थल का निरीक्षण कर राजस्व एवं तकनीकी दस्तावेजों की जांच की। जांच में सामने आया कि संबंधित भूमि स्वामी एवं कॉलोनाइजर द्वारा नगर निगम से कॉलोनी विकास की अनुमति लिए बिना अवैध रूप से कॉलोनी विकसित की जा रही थी। साथ ही शासकीय भूमि पर भी अतिक्रमण कर उसका उपयोग अनाधिकृत कॉलोनी के विकास में किया जा रहा था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए निगम आयुक्त ने मौके पर मौजूद उपयंत्री को तत्काल पंचनामा प्रतिवेदन तैयार करने, मिट्टी से बनाई जा रही सड़क को तोड़ने तथा संबंधित को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही कॉलोनी को अवैध घोषित करने की प्रक्रिया के तहत नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए गए। शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने एवं नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए अनुविभागीय अधिकारी राजस्व (एसडीएम) को तत्काल सूचना भेजी गई है। वहीं, बिना अनुमति कॉलोनी विकसित करने के मामले में संबंधित कॉलोनाइजर एवं भूमि स्वामी को कॉलोनी विकास अधिनियम के प्रावधानों के तहत नोटिस जारी किए जाएंगे।

नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय-सीमा में संतोषजनक जवाब प्राप्त नहीं होने पर कॉलोनी विकास अधिनियम के अंतर्गत कठोर वैधानिक एवं दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान आयुक्त सीपी. राय ने नगरवासियों से अपील की कि वे अवैध कॉलोनियों के प्रलोभन में न आएं। किसी भी भूखंड को खरीदने से पहले संबंधित कॉलोनी की वैध विकास अनुमति, भूमि के स्वामित्व एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों की भलीभांति जांच करें। सभी दस्तावेजों से पूरी तरह संतुष्ट होने के बाद ही भूखंड खरीदें, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की वैधानिक, वित्तीय या प्रशासनिक परेशानी का सामना न करना पड़े।
Share News On